Health Tips: कमर दर्द, गठिया और जोड़ों के दर्द से हैं परेशान, न चूकें इस ठंड, मेथी के लड्डू है रामबाण, देखें सामग्री व बनाने की विधि
आयुर्वेदाचार्य रोहित यादव बताते हैं कि अगर आप कमर दर्द, गठिया और जोड़ों के दर्द से परेशान हैं तो ठंड में मेथी के लड्डू का सेवन करें। क्योंकि यह इन सभी दर्दों के लिए रामबाण है।
देखें सामग्री
500 ग्राम मोटा पिसा गेहूं का आटा, 500 ग्राम मेथी दाना, 100 ग्राम खाने वाला गोंद बारीक किया हुआ, एक किलो गुड़, 250 ग्राम मिश्री का बूरा (पिसी मिश्री), 100 ग्राम पिसी छनी बारीक सोंठ, 1 किलो के करीब शुद्ध घी, 100 ग्राम खसखस, 250 ग्राम बारीक कटा मेवा, 10 ग्राम इलायची पावडर।
विधि
सबसे पहले मेथी दाने को साफ करके दो दिन पानी बदल-बदल कर भिगोएं। फिर ताजे पानी से धोकर बारीक पीस लें। मोटे तले की फ्राइंगपेन में एक बड़ा चम्मच घी डालकर धीमी आंच में भूनें। घी की जरूरत लगने पर थोड़ा-थोड़ा डालकर चलाते हुए भूनते रहें। ब्राउन होने और खुशबू आने पर उतार लें। आटे को छानकर घी के साथ अलग से इसी तरह भून लें।
गोंद को घी में फुलाकर हल्का-सा कुचल लें। कम गरम घी में सोंठ और खसखस को डालकर निकाल लें। गुड़ को बारीक करके घी के साथ चलाएं। जब गुड़ घी में अच्छी तरह से मिल जाए तो उतार लें। इसमें तैयार की हुई सारी सामग्री, कटे मेवे, इलायची पावडर मिला दें। मिश्री बूरा भी मिला दें। अगर घी कम लगे तो इसमें आवश्यकतानुसार गरम घी मिला लें। अब थोड़ा गरम रहते ही मिश्रण को हथेलियों से रगड़ें और एक साइज के लड्डू बना लें।
सर्दी के दिनों में सुबह नाश्ते में यह लड्डू खाने से कमर दर्द, गठिया तथा जोड़ों का दर्द और वात रोग में लाभ मिलता है तथा स्फूर्ति बनी रहती है। ठंड के दिनों में इन लड्डुओं का सेवन करने से आप कई तरह की बीमारियों से बचे रहेंगे।