Guru Tegh Bahadur Martyrdom Day: हिंदू समाज हमेशा रहेगा श्रीगुरु तेग बहादुर साहब का ऋणी, शीश देकर बचाया था देश का “शीश”, देखें शबद-कीर्तन वीडियो
लखनऊ। भारती भवन के प्रांगण में श्री गुरु तेग बहादुर साहब जी के शहीदी दिवस की पूर्व संध्या पर शबद-कीर्तन का आयोजन किया गया। भारती भवन में आयोजित कार्यक्रम शुरुआत सायं 6:30 बजे दशमेश पब्लिक स्कूल के बच्चों के द्वारा रहिरास साहिब जी के पाठ से की गई। इसके बाद भाई राजेंद्र सिंह एवं भाई दिलबाग सिंह ने शबद कीर्तन द्वारा श्रद्धालुओं को निहाल किया
इस अवसर पर लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि साहिब श्री गुरु तेग बहादर जी ने अपना शीश देकर देश का शीश बचा लिया। कश्मीर में हिंदुओं पर चल रहा दमन का चक्र थम गया। इस लासानी बलिदान के बारे में गुरु गोबिंद सिंह जी ने बाद में लिखा कि यह औरंगजेब के सिर पर अपने तन का ठीकरा फोड़ देने जैसा था। गुरु तेग बहादुर जी की शहादत भारत की सभ्यता व संस्कृति का पुनर्जीवन था। देश भर में मुगलों के अत्याचार व निर्ममता के विरुद्ध खड़े होने की चेतना जागृत हुई । बाद मे खालसा का सृजन व औरंगजेब का पतन व मुगल राज्य का सूर्यास्त इस महान शहादत का ही फल था। इस अवसर पर मुख्य रूप से सिक्ख, सिन्धी, पंजाबी,कबीर पंथी , रविदास मठ् , बौद्ध, जैन , सनातन मंदिर व अन्य संस्थाओं एवं स्कूल के बच्चों के साथ मिल कर कीर्तन विचार व्यक्त किए।
नाका गुरुद्वारा के महासचिव हरमिन्दर सिंह टीटू ने बताया कि भारती भवन के सहयोग से यह आयोजन शहर में पहली बार हो रहा है जो कि आगे आने वाले सालो में प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जायेगा। गुरू महाराज की शाही सवारी के आगमन पर अगवानी महापौर संयुक्ता भाटिया व भारती भवन से कौशल ने संगत के साथ किया। सनातनी पंजाबी महासभा के अध्यक्ष अनिल वरमानी ने कहा कि इस आयोजन से आने वाली पीढ़ी (बच्चों ) अपने इतिहास को जानेगी व इस पर चलने की कोशिश करेगी।
सिन्धी समाज से मुरलीधर अहुजा ने कहा कि हिन्दू समाज हमेशा ही श्री गुरू तेगबहादर जी की शहादत का ऋणी रहेगा, राष्ट्र व धर्म के लिये ऐसी लासानी शहादत की दुनिया में और कोई मिसाल नहीं है। समाज सेवी सतनाम सिंह सेठी ने कहा कि इस आयोजन में विशेष तौर पर सभी कार्यक्रम बच्चों की और से करवाये जा रहे हैं ताकि उन्हें इतिहास की जानकारी हो सके, आज के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे सभी बच्चों को प्रोत्साहन के रूप में सनातनी पंजाबी महासभा की और से पुरस्कृत भी किया गया। गुरुद्वारा आलमबाग के महासचिव रतपाल सिंह गोल्डी ने बताया कि नगर आयुक्त के आह्वान पर शहर की सफाई को देखते हुये कार्यक्रम में होने वाले लंगर में स्टील के बर्तन का प्रयोग किया गया।
हरमिन्दर सिंह मिन्दी व मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि ब्रजिन्दर पाल सिंहजी द्वारा लिखित 6 पुस्तकों का विमोचन महापौर व सभी महानुभावों द्वारा किया गया। मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि संगत की सुविधा के लिये अवध कालिजियट, सेंट मीराज इन्टर कालेज , दशमेश पब्लिक स्कूल से बस सेवा की गई। सभी सेवाओं को विभिन्न सेवा संस्थान, सिक्ख यंगमैनज़ एसोसिएशन, सुखमनी साहिब सेवा सोसायटी, गुरू गोबिन्द सिंह स्टडी सर्कल, पंजाबी यूथ एसोसियेशन, कलगीधर यूथ एसोसियेशन, गूंज (सिक्ख वाइस) दशमेश सेवा सोसायटी, बाबा दीप सिंह जी फाउंडेशन, साँझ सेवा सोसायटी,सिक्ख सेवक जत्था , बीर खालसा दल व अन्य सोसायटीज़ करेंगे । कार्यक्रम में विशेष रूप से विनोद रात्रा, सर्वजीत सिंह वालिया ,मनमोहन सिंह सेठी ,हरीश कोहली सतपाल सिंह मीत सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।