UP की राजधानी में महापौर संयुक्ता भाटिया ने पार्षदों संग फहराया 108 फ़ीट ऊंचा तिरंगा, लखनऊ में “हर घर तिरंगा अभियान” का किया शुभारंभ, जानें किस तरह गुलाब सिंह लोधी ने झोंकी थी अंग्रेजों की आंख में धूल और फहराया था झंडा, देखें वीडियो
लखनऊ। मंगलवार को उत्तर प्रदेश (UP) की राजधानी की महापौर संयुक्ता भाटिया ने अगस्त क्रांति दिवस के शुभ अवसर पर समस्त पार्षदों संग ऐतिहासिक झंडेवाले पार्क अमीनाबाद से लखनऊ में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ 108 फीट ऊंचे तिरंगे को फहरा कर किया। इस मौके पर मेयर ने अपने समस्त पार्षदों संग मिलकर अपने लखनऊ को राष्ट्र भाव से ओतप्रोत करने के इस पुनीत कार्य का शुभारंभ करते हुए समस्त पार्षदों, अधिकारियों और समाज सेवियों को अपने दायित्व का निर्वहन कर अपने अपने वार्डो में हर घर तिरंगा फहराने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करने की शपथ दिलाई।
हर घर तिरंगा अभियान के लिए करें लोगों को जागरूक
इस दौरान महापौर ने उपस्थित पार्षदों को अपने अपने वार्डो और क्षेत्रों में “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर मे तिरंगा लगाने के लिए सभी को जागरूक करने के लिए भी कहा। इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने लखनऊवासियों से प्रत्येक घर मे तिरंगा लगाने के लिए अपील करते हुए कहा कि 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को पूरा करने के लिए सब स्वेच्छा से आगे आएं। इस अभियान को पूरा करना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होना हम सब के लिए गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान की बात है। यह समय हमारे वीरों और स्वतंत्रता संग्राम के उन सेनानियों को भी याद करने का है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी परन्तु उनका जिक्र इतिहास के पन्नो में नाममात्र आकर छिप गया। भारत आज दुनिया में एक सशक्त भारत बनकर उभरा है।
हर व्यक्ति करे प्रतिभाग
आने वाले 25 साल भारत का एक नव निर्माण करेंगे। महापौर ने आगे कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में हर व्यक्ति को प्रतिभाग करना चाहिए। यह अभियान किसी राजनीतिक दल का नहीं, अपितु हर राष्ट्रभक्त नागरिक का उत्सव है। यह अभियान एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला अभियान है। हमें हर घर तिरंगा अभियान में यह संकल्प लेना है कि अब हम जहां भी हैं जो कुछ भी कर रहे हैं उसको करते हुए भारत भक्ति का भाव सबसे ऊपर रखेंगे। महापौर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्रीजी को मैं लखनऊ की जनता की ओर से आभार जताती हूँ कि उन्होंने हमे आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान जैसे अभियानों की प्रेरणा प्रदान कर राष्ट्र को एक नई दिशा प्रदान की है और राष्ट्रीय स्वाभिमान को जीवंत रखने का कार्य किया। इसी के साथ महापौर ने कहा कि अगस्त क्रांति के मौके पर मैं यह घोषणा करती हूँ कि ऐसे वीरो और सेनानियों के बलिदान को नगर निगम हमेशा के लिए जीवंत रखने का कार्य करेगा जिनको इतिहास की किताबो ने उचित सम्मान नही दिया गया। आगामी कार्यकारिणी समिति की बैठक में स्वतंत्रता के ऐसे सिपाही जिनके बलिदान को सम्मान नहीं मिल पाया उनके नाम पर हम मार्गों और चौराहा का नामकरण करेंगे।
जानें क्या है झंडे वाले पार्क का इतिहास
महापौर ने झण्डे वाले पार्क का इतिहास स्मरण कराते हुए बताया कि 92 वर्ष पूर्व स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के पन्नो में दर्ज लखनऊ के अमीनाबाद स्थित झंडे वाले पार्क में 18 अप्रैल 1930 को स्वतंत्रता आंदोलन के समय स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के नमक कानून को तोड़कर नमक बनाया था। साथ ही अगस्त 1935 को क्रांतिकारी गुलाब सिंह लोधी भी उस जुलूस में शामिल हुए, जो पार्क में झंडा फहराना चाहते थे। झंडारोहण को रोकते हुए अंग्रेजी सैनिकों ने चारों तरफ से पार्क को घेर लिया था। गुलाब सिंह लोधी अंग्रेजी हुकूमत के सशस्त्र सेना के डरे बिना ही पार्क में घुस गए और उन्होंने एक पेड़ पर चढ़कर तिरंगा फहरा दिया था। उसी वक्त अंग्रेजी हुकुमत के एक सिपाही ने गुलाब सिंह लोधी को गोली मार दी थी और वह शहीद हो गए थे। तभी से इस पार्क का नाम ‘झण्डे वाला पार्क’ पड़ गया, लेकिन इसमें स्वतंत्रता उपरांत भी 72 वर्षो तक कोई झण्डा नहीं लगाया गया था।
देखें किस तरह लगा झंडे वाले पार्क में तिरंगा
एक कार्यक्रम में इस पार्क में पहुँचे उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल आदरणीय श्रीराम नाईक ने महापौर संयुक्ता भाटिया को इस पार्क में एक बड़े राष्ट्रीय ध्वज के स्थापना के लिए प्रेरित किया था, जिस पर महापौर संयुक्ता भाटिया द्वारा अमीनाबाद स्थित इस एतिहासिक झंडे वाले पार्क की ऐतिहासिकता को नमन करते हुए उक्त पार्क के नाम के अनुरूप नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में प्रस्ताव पास कराकर दिनाँक 10 फरवरी 2019 में पार्क में 108 फ़ीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना की गई थी। महापौर ने बताया कि आजादी के 72 वर्षो बाद ऐतिहासिक झण्डे वाले पार्क में उसके नाम के अनुरूप भव्य तिरंगा फहराने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ, यह हमारे लिए गर्व का विषय है।
इस मौके पर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, मध्य विधानसभा के उपविजेता रजनीश गुप्ता, भाजपा पार्षद दल उपनेता कौशलेंद्र द्विवेदी, पार्षद कमलेश सिंह, पार्षद विमल तिवारी, पार्षद सुधीर राजपाल, पूर्व विधानपरिषद सदस्य विंध्यवासिनी कुमार, पार्षद सुशील तिवारी पम्मी, पार्षद दिलीप श्रीवास्तव, पार्षद रुपाली गुप्ता, पार्षद मिथलेश चौहान, पार्षद कुमकुम राजपूत, पार्षद शशि गुप्ता, पार्षद अन्नू मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अभय पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह, अपर नगर आयुक्त राकेश यादव, मुख्य अभियंता महेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्षद नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी सहित अन्य प्रमुख जन मौजूद रहे।