भारतीय महिला वायुसेना पायलट को पकड़ने से लेकर भारतीय सैनिकों के रोने और एयरपोर्ट पर धमाकों तक….PIB ने पाकिस्तान को किया बेनकाब-Video

Share News

India Pakistan Tension: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बाद सोशल मीडिया पर लगातार पाकिस्तान की ओर से और पाकिस्तान को सपोर्ट करने वालों की तरफ से भारत की सैनिक कार्रवाई के साथ ही भारत के खिलाफ फेक न्यूज लगातार वायरल की जा रही है तो वहीं पीआईबी फैक्ट चेक (@PIBFactCheck) लगातार इसका खंडन करते हुए पाकिस्तान को बेनकाब कर रहा है और सत्यता उजागर कर रहा है.

इसी के साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि जब तक सूचना के बारे में सही जानकारी न हो, तब तक उसे सोशल मीडिया पर शेयर न करें.

बता दें कि सोशल मीडिया पर सुबह से ही एक वीडियो वायरल किया जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने भारतीय महिला वायुसेना पायलट शिवानी सिंह को पकड़ लिया है लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ है. इस तरह की फेक न्यूज पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया हैंडल द्वारा प्रसारित की जा रही है.

चालू है भटिंडा एयरफील्ड

एक अन्य वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भटिंडा एयरफील्ड नष्ट हो गया है जबकि भटिंडा एयरफील्ड पूरी तरह से चालू है और किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। तो वहीं एक वीडियो में पाकिस्तान ने उधमपुर एयर बेस नष्ट होने का दावा किया जा रहा है जबकि पीआईबी फैक्ट चेक ने बताया है कि ये वीडियो राजस्थान के हनुमानगढ़ में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की घटना की है.

भारतीय सेना में चयनित होने पर खुशी में भावुक हुए थे

तो वहीं एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भारत-पाकिस्तान तनाव बढ़ने के कारण भारतीय सैनिक रो रहे हैं और अपने पद छोड़ रहे हैं। इस वीडियो को पीआईबी ने फेक बताया है और स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाए गए युवा इंदौर की एक निजी रक्षा कोचिंग संस्थान, इंदौर फिजिकल अकादमी के छात्र हैं, जो भारतीय सेना में चयनित होने की खुशी में भावुक हो रहे थे।

दिल्ली के हाट बाजार में लगी आग का वीडियो है

इसी तरह पाकिस्तान ने एक वीडियो में दावा किया है कि भारतीय मुसलमानों ने दिल्ली में आगजनी शुरू कर दी है। इसके बारे में जब पीआईबी ने फैक्ट चेक किया तो पाया कि यह वीडियो वास्तव में 30 अप्रैल 2025 की शाम दिल्ली के आईएनए क्षेत्र स्थित दिल्ली हाट बाजार में लगी भीषण आग का है।

सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना चाह रहा है पाकिस्तान

इसी तरह के तमाम वीडियो पाकिस्तान समर्थित अकाउंट से सोशल मीडिया पर वायरल कर भारत के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है. इससे साफ होता है कि पाकिस्तान भारत की जनता को गुमराह कर सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना चाह रहा है. पीआईबी फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि कृपया केवल सरकारी एवं आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करें।

2020 का है ये वीडियो

तो वहीं सोशल मीडिया पर भारतीय पोस्ट को तबाह करने का भी दावा किया जा रहा है लेकिन यह एक पुराना वीडियो है जिसके लिए पीआईबी फैक्ट चेक ने आगाह किया है। यह वीडियो 15 नवंबर, 2020 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। पीआईबी फैक्ट चेक ने एक और फेक न्यूज की पोल खोली है. दरअसल एक खबर में बताया जा रहा था कि जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर एयरपोर्ट के पास धमाके हुए हैं। यह अल जजीरा की रिपोर्ट थी। पीआईबी ने ऐसी झूठी खबरों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि केवल आधिकारिक स्रोत पर ही भरोसा करें।

जयपुर एयरपोर्ट है पूरी तरह से सुरक्षित

तो वही जयपुर एयरपोर्ट पर धमाकों का दावा भी झूठा निकला है. जयपुर एयरपोर्ट पूरी तरह सुरक्षित है और इसके बारे में जयपुर के डीसी ने भी स्पष्टीकरण जारी किया है।

ननकाना साहिब वाली खबर भी है फेक

इसी के साथ ही एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भारत ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर ड्रोन हमला किया है। जबकि यह दावा पूरी तरह से फर्जी है। पीआईबी फैक्ट चेक ने कहा कि सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने के लिए ऐसे कंटेंट बनाए जाते हैं। कृपया सतर्क रहें। ऐसे वीडियो फॉरवर्ड न करें।

पाकिस्तान का ये दावा भी झूठा

सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही खबरों में एक दावा यह भी किया जा रहा है कि पाकिस्तान के हमले के कारण भारत के 70 प्रतिशत इलेक्ट्रिक ग्रिड काम नहीं कर रहे हैं। जबकि यह दावा पूरी तरह से झूठा साबित हुआ है।

गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव बढ़ने के साथ ही इंटरनेट यानी सोशल मीडिया पर इस संघर्ष से जुड़ी सूचनाओं पर पीआईबी फैक्ट चेक लगातार जांच अभियान चला रहा है और देशवासियों को ऐसी खबरों पर भरोसा न करने की अपील कर रहा है. खबर स्टिंग (khabarsting.com) भी अपने पाठकों से अपील करता है कि किसी भी खबर को जांचने के लिए @PIBFactCheck की मदद लें और किसी भी तरह की फेक खबर में न आएं और न ही इसे फारवर्ड करें.

हम सभी देशवासियों को इस समय भारत की सेना के साथ खड़े रहने की जरूरत है और उनका हौसला बढ़ाने की जरूरत है. रात-दिन भारतीय सेना का हर एक जवान हमारी हिफाजत करने में लगा है. हमें अपनी आर्मी पर गर्व है.

ये भी पढ़ें-आम नागरिकों को निशाना बना रहा है पाकिस्तान, हमले में एक सरकारी अधिकारी की मौत…फेक न्यूज से बचें; विदेश सचिव और सेना ने दी बड़ी जानकारी-Video