8-9 मई की रात पाकिस्तान ने क्या-क्या की नापाक हरकत…विदेश सचिव और कर्नल सोफिया कुरैशी ने दी पूरी जानकारी-Video

Share News

India Pakistan Tensions: पहले पाकिस्तान के आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 पर्यटकों को गोली मार दी. इस हमले में भारत की उन बेटियों का भी सुहाग उजड़ गया जिनकी अभी हाल ही में शादी हुई थी. जब इस हमले के खिलाफ भारत की ओर से कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के कई आतंकियों के गढ़ को निशाना बनाया तो पाकिस्तान लगातार भारत की सीमा पर स्थानीय नागरिकों पर गोलीबारी करवा रहा है और भारतीय वायु सीमा का भी उल्लंघन कर रहा है.

पाकिस्तान की इस नापाक हरकत के खिलाफ भारतीय सेना लगातार सीमा पर मोर्चा ले रही है और करारा जवाब दे रही है. तो वहीं ऑपरेशन सिंदूर के तीसरे दिन विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ ही कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया से बात करते हुए भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के बारे में जानकारी दी.

पाकिस्तान ने नागरिकों और सैन्य प्रतिष्ठानों को बनाया निशाना

विदेश सचिव ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा कल रात की गई ये भड़काऊ और आक्रामक कार्रवाइयां भारतीय शहरों और नागरिक बुनियादी ढांचे के अलावा सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर की गईं। भारतीय सशस्त्र बलों ने आनुपातिक, पर्याप्त और जिम्मेदारी से जवाब दिया. पाकिस्तान द्वारा किए गए इन हमलों का पाकिस्तान द्वारा आधिकारिक और स्पष्ट रूप से हास्यास्पद खंडन उनके कपट का उदाहरण है. ”

पाकिस्तान का भारतीय नागरिकों को बना रहा है निशाना

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर कहा कि बीती रात पाकिस्तान ने जो उकसावे भरे और तनाव बढ़ाने वाले कदम उठाए, उनका मकसद सिर्फ सैन्य ठिकानों पर नहीं था, बल्कि भारतीय शहरों और नागरिक ढांचे को भी निशाना बनाना था लेकिन भारतीय सशस्त्र बलों ने इस हमले का जवाब पूरी जिम्मेदारी, संतुलन और सटीकता के साथ दिया है.

पाकिस्तान बोल रहा है झूठ

विदेश सचिव ने पाकिस्तान पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘पाकिस्तानी सरकार की ओर से इस हमले से इनकार करना एक ढकोसला है. यह उनकी दोहरी नीति और गिरते स्तर का जीता-जागता उदाहरण है.’ उन्होंने ये बात स्पष्ट करते हुए कही कि भारत किसी भी प्रकार की आक्रामकता को बर्दाश्त नहीं करेगा और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगा.

पाकिस्तान भारत पर लगा रहा है बेतुके आरोप

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कड़े शब्दों में पाकिस्तान को घेरते हुए कहा है कि पाकिस्तान अपने हमलों की जिम्मेदारी लेने के बजाय भारत पर ही बेहूदे और बेतुके आरोप लगाने में जुटा हुआ है. भारतीय सेना अपने ही शहरों जैसे अमृतसर को निशाना बना रही है और पाकिस्तान को दोषी ठहरा रही है. उन्होंने आगे इतिहास की बातों को लेकर कहा कि‘यह कोई नई हरकत नहीं है, पाकिस्तान का इतिहास ऐसे झूठ और चालबाजियों से भरा पड़ा है.’

प्रेस ब्रीफींग में विदेश सचिव ने पाकिस्तान के सबसे गंभीर आरोपों में से एक की बात करते हुए कहा कि‘पाकिस्तान ने यह झूठ फैलाया कि भारत ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर ड्रोन अटैक किया है, जबकि यह पूरी तरह से मनगढ़ंत और बेहूदा आरोप है.’ उन्होंने पाकिस्तान के इरादे को लेकर साफ करते हुए कहा कि पाकिस्तान का असली इरादा ‘इस पूरे मामले को साम्प्रदायिक रंग देकर भारत के भीतर सांप्रदायिक तनाव भड़काने का है.’ इससे साफ जाहिर होता है कि पाकिस्तान हताश और विफल हो रहा है. इसीलिए इन हथकंडों को अपनाकर अपना घिनौना प्रयास छुपाने की कोशिश कर रहा है.

आर्थिक घेराबंदी की तैयारी

इसी के साथ ही अब भारत पाकिस्तान की आर्थिक घेराबंदी करने की तैयारी कर रहा है. विदेश सचिव ने कहा कि आज IMF की बैठक में पाकिस्तान को बेलआउट पैकेज रद्द करने की मांग भारत करेगा. FATF की बैठक में पाकिस्तान को दोबारा ग्रे लिस्ट में डालने की भी मांग की जाएगी.

7 मई को पाकिस्तान ने धार्मिक स्थलों को बनाया निशाना

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान द्वारा LOC पर स्कूलों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने को लेकर कहा कि 7 मई की सुबह LOC पर भारी गोलाबारी पाकिस्तान की ओर से की गई. पाकिस्तान की ओर से दागा गया एक गोला पुंछ में क्राइस्ट स्कूल के ठीक पीछे गिरा। तो इसी के साथ ही पाकिस्तान की ओर से दागा गया गोला स्कूल के दो छात्रों के घर पर लगा जिसकी वजह से उनकी जान चली गई और माता-पिता बुरी तरह से घायल हो गए. ये गनीमत रही कि स्कूल बंद था, अन्यथा और अधिक नुकसान हो सकता था। इसी के साथ ही विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान गुरुद्वारों, चर्चों और मंदिरों सहित पूजा स्थलों को निशाना बना रहा है और उन पर गोलाबारी कर रहा है।”

कर्नल सोफिया ने दी ये जानकारी

विदेश मंत्रालय की स्पेशल ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि 8-9 मई की रात को पाकिस्तान ने सीमा पर उल्लंघन किया. पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर उन्होंने आगे बताया कि पाकिस्तान ने भारतीय एयरस्पेस का उल्लंघन करते हुए ड्रोन अटैक किया. पाक ने 300-400 ड्रोन्स यूज किए जिन्हें भारत ने नाकाम कर दिया.

कर्नल सोफिया कुरैशी ने ये भी जानकारी दी कि, “रात में पाकिस्तान के सशस्त्र UAV(मानव रहित हवाई वाहन) ने बठिंडा सैन्य स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश भी की जिसे पकड़ कर निष्क्रिय कर दिया गया। पाकिस्तानी हमले के जवाब में पाकिस्तान में 4 हवाई रक्षा स्थालों पर सशस्त्र ड्रोन लॉन्च किए गए। इनमें से एक ड्रोन AD रडार को नष्ट करने में सक्षम रहा।”

उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तानी सेना ने बार-बार भारतीय वायु सीमा का उल्लंघन किया, खासकर पश्चिमी सीमा के पार, जहां उनका उद्देश्य भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाना था।

इसके अतिरिक्त, नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारी-कैलिबर हथियारों से गोलाबारी की गई। पाकिस्तानी पक्ष ने 36 स्थानों पर 300 से 400 ड्रोन के जरिए घुसपैठ की कोशिश की। भारतीय सशस्त्र बलों ने सतर्कता बरतते हुए इनमें से कई ड्रोन को किनेटिक (भौतिक हमले) और नॉन-किनेटिक (इलेक्ट्रॉनिक/साइबर) तरीकों से मार गिराया।

कर्नल कुरैशी ने कहा कि भारतीय सेना पूरी तरह तैयार है और देश की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। इसी के साथ ही उन्होंने बताया कि हमलों की रेंज लेह से श्री क्रीक तक फैली रही.

भटिंडा मिलिट्री स्टेशन पर भी एक UAV डिटेक्ट किया गया जिसे तुरंत खत्म कर दिया गया. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में अधिकतर ड्रोन मार गिराए, लेकिन इस दौरान एलओसी पर कुछ जवान हताहत और घायल भी हुए हैं. इसी के साथ ही उन्होंने पाकिस्तान में हुए नुकसान को लेकर बताया कि पाकिस्तान की ओर भी भारी नुकसान की खबर है. पाकिस्तान का गैर-जिम्मेदाराना रवैया एक बार फिर सामने आया है, और वह अपने नागरिक विमानों को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय नियमों का घोर उल्लंघन है. उन्होंने ये भी बताया कि पाकिस्तान ने तुर्किए के ड्रोन का इस्तेमाल किया.

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने दी ये जानकारी

प्रेस वार्ता के दौरान विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने भारत-पाक सीमा पर पाकिस्तान द्वारा की गई नापाक हरकतों के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने हेवी कैलिबर वेपंस का यूज किया. एलओसी और इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तानी हमलों की रिपोर्ट्स हैं. उन्होंने आगे कहा कि इतने बड़े पैमाने पर हवाई घुसपैठ का मकसद हथियारों की टेस्टिंग और इंटेलिजेंस गैदरिंग हो सकता है.

पाकिस्तान जानबूझकर नागरिक विमानों को बना रहा है ढाल

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तान के नापाक इरादों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 7 मई की शाम 8:30 बजे पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन और मिसाइल की मदद से उकसावे वाला हमला तो किया ही लेकिन उसने अपना नागरिक एयरस्पेस बंद नहीं किया. विंग कमांडर सिंह ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान जानबूझकर नागरिक विमानों को ढाल बना रहा है, ताकि भारतीय एयर डिफेंस जवाब देने से हिचके. यह न केवल खतरनाक है बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड्डयन नियमों का भी उल्लंघन है.

विंग कमांडर ने ये भी बताया कि क्योंकि उस समय इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी भारत-पाक सीमा के पास उड़ान भर रही थीं. उन्होंने कहा कि जहां भारतीय क्षेत्र में हाई अलर्ट के चलते नागरिक हवाई गतिविधि पूरी तरह बंद थी, लेकिन पाकिस्तान के कराची से लाहौर के बीच नागरिक विमान उड़ते रहे. भारतीय वायुसेना ने संयम का परिचय देते हुए इन इंटरनेशनल सिविल एयरलाइंस की सुरक्षा सुनिश्चित की.

पाकिस्तान को हुआ बड़ा नुकसान

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने आगे जानकारी दी कि पाकिस्तान के हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने सटीक रणनीति के तहत चार एयर डिफेंस साइट्स पर सशस्त्र ड्रोन लॉन्च किए जिसमें से एक ड्रोन ने पाकिस्तानी एयर डिफेंस रडार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया. पाकिस्तान ने भी भारी कैलिबर की तोपों और सशस्त्र ड्रोन के जरिए नियंत्रण रेखा पर जबरदस्त गोलाबारी की, जिसमें भारतीय सेना के कुछ जवान हताहत और घायल हुए हैं. तो वहीं भारतीय सेना ने पाकिस्कान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की है जिससे पाकिस्तान को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है. कई पाकिस्तानी ठिकानों पर भारी क्षति पहुंचाई गई है. इसी के साथ ही विंग कमांडर ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना हर उकसावे का सख्ती से जवाब देगी लेकिन नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी.

ये भी पढ़ें-ऑपरेशन सिंदूर की आग में जला पाकिस्तान…इन इलाकों को बनाया गया निशाना, विदेश सचिव और लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी ने दी बड़ी जानकारी-Video