UP News: प्रतापगढ़-लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर टैंकर-टेंपो की भिड़ंत में मासूम बच्ची, 3 महिलाओं समेत 9 की मौत, मुख्यमंत्री ने लिया बड़ा एक्शन

July 10, 2023 by No Comments

Share News

UP News: प्रतापगढ़ से बुरी खबर सामने आ रही है. यहां पर प्रतापगढ़/लखनऊ वाराणसी हाइवे पर भीषण हादसे में मासूम बच्ची, तीन महिलाओं समेत 9 की मौत के बाद हड़कम्प मच गया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में ले लिया है और उनकी पहचान की जा रही है. तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख एवं गंभीर घायलों को पचास हज़ार दिए जाने का निर्देश दिया है.

प्रतापगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे पर जिला अधिकारी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है. सूचना के अनुसार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी को मेडिकल कॉलेज प्रयागराज रेफर कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि, प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना अंतर्गत मोहनगंज इलाके में आज भीषण सड़क हादसा हो गया, सवारियों से भरे टेंपो को तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही 9 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और सभी की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है. तो वहीं तेज रफ्तार टैंकर के यू-टर्न लेने से जहां सवारी भरी टेंपो के परखच्चे उड़ गए वहीं टैंकर भी अनियंत्रित होकर पलट गया. बताया जा रहा है कि टेंपो सवारी से भरकर प्रतापगढ़ की तरफ जा रहा था और जिलाधिकारी के सूचना के अनुसार टेंपो में 14 सवारी भरी हुई थी. तो दूसरी ओर गैस से भरे टैंकर के पलटने के बाद गैस लीक होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने ट्रैफिक को रोक दिया है.