Death by Chocolate:चॉकलेट खाते ही बेहोश होकर गिरी 6 साल की बच्ची की स्कूल वैन के गेट पर हुई मौत
उडुपी। कर्नाटक के उडुपी जिले के बैंदूर कस्बे के पास बिजूर गांव से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने उन माता-पिता को चिंतित कर दिया है, जिनके बच्चे चॉकलेट प्रेमी हैं। मीडिया सूत्रों के मुताबिक बुधवार को गांव की एक छह साल की बच्ची की चॉकलेट खाने से मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान विवेकानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की कक्षा एक में पढ़ने वाली छात्रा सामन्वी के रूप में की गई है।
इस मामले में पुलिस ने मीडिया को बताया कि घटना उस वक्त हुई जब बच्ची अपने घर के पास स्कूल बस में सवार हो रही थी। घर वालों ने बताया कि सामन्वी बुधवार को स्कूल नहीं जाना चाहती थी, लेकिन माता-पिता और परिवार के सदस्यों ने उसे स्कूल जाने के लिए मना लिया था। उसकी मां सुप्रिता पुजारी ने उसे स्कूल जाने पर एक चॉकलेट देने का वादा किया और स्कूल जाते वक्त उसे चॉकलेट दे दी।
पुलिस ने बताया कि स्कूल वैन को आते देख बच्ची ने जल्दबाजी में रैपर के साथ चॉकलेट मुंह में डाल लिया और स्कूल वैन को पकड़ने के लिए भागने लगी। इसी दौरान रैपर में बंद चॉकलेट उसके मुंह के अंदर जाकर फंस गई। इससे पहले तो वह बेहोश हुई। इसके तुरंत बाद ही उसकी उसकी मौत हो गई। छात्रा स्कूल बस के दरवाजे पर गिर गई। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल अभी मौत के कारणों की सही जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल ये नहीं पता चल सका है कि रैपर सहित चॉकलेट निगलने से छात्रा की मौत हुई है, या उसे पहले से कोई पेरशानी थी। हालांकि घर वालों ने इस सम्बंध में बताया कि उसे पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी। फिलहाल अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। छात्रा की मौत के बाद स्कूल प्रशासन ने स्कूल में अवकाश घोषित कर दिया था। इस मामले की जांच बैंदुर पुलिस को सौंपी गई है।