Lucknow: डेयरी में सैंपल भरने पर खाद्य सुरक्षाधिकारी का घेराव, संचालकों ने सील बंद पैकेट छीनकर बहाया नाली में, अधिकारी पर लगाया बड़ा आरोप

January 3, 2023 by No Comments

Share News

लखनऊ। कानपुर रोड एलडीए कालोनी स्थित सतनाम डेयरी में खाद्य सुरक्षाधिकारी की छापेमारी के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। दुग्ध डेयरी में खाद्य सुरक्षाधिकारी के द्वारा जांच के लिए सैंपल भरने पर संचालक और कर्मचारी भड़क गए। कुछ साथियों को बुलाकर धक्का मुक्क की। सैंपल के सील बंद पैकेट छीनकर नाली में बहा दिए।

खाद्य सुरक्षाधिकारी की सूचना पर कृष्णानगर इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल पहुंचे। सैंपलिंग के दुग्ध, पनीर और खोया आदि लिया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षाधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने संचालक समेत 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

खाद्य सुरक्षाधिकारी सलिल कुमार सिंह के मुताबिक एलडीए कालोनी कानपुर रोड स्थित सतनाम डेयरी पहुंचे। वहां मालिक योगेन्दर सिंह को अपना परिचय बताया और रजिस्ट्रेशन चेक किया। रजिस्ट्रेशन की वैधता तथि 13 मार्च 2018 तक ही थी। पूछताछ की तो संचालक ने गोलमोल जवाब दिया। आशंका पर दुग्ध और अन्य चीजों के सैंपल भरे। इस बीच संचालक ने अपने 15-20 साथियों को बुला लिया। सभी ने आते ही घेराव कर लिया।

सैंपल के सील बंद पैकेट छीन लिए। धक्का मुक्की की और हंगामा शुरू कर दिया। बवाल बढ़ता देख सूचना उच्चाधिकारियों और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इस बीच कृष्णानगर इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने लोगों को डपट कर शांत कराया। इसके बाद पनीर, दूध और खोया व अन्य सैंपल लिए गए। दूध के कैन और पनीर आदि थाने में रखवा दी गई। इंस्पेक्टर कृष्णानगर ने बताया कि खाद्य सुरक्षाधिकारी सलिल कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

व्यापारियों ने लगाया बड़ा आरोप
उधर, व्यापारियों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षाधिकारी के सैंपल लेने से उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी। सुरक्षा के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षाधिकारी से उन्होंने पहचानपत्र मांगा था। इस पर खाद्य सुरक्षाधिकारी पहचानपत्र नहीं दिखा पाए और वह धमकाने लगे।