UP News: भाजपा नेता के भांजे को संदिग्ध हालात में लगी गोली, नेता की ही गलती आ रही है सामने, देखें क्या है पूरा मामला

October 8, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी के बाबूगंज पुलिस चौकी के पास स्थित घर में भाजपा नेता महेंद्र सोनी के भांजे भूमेंद्र को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। शुक्रवार की देर रात हुई इस घटना में भूमेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आनन-फानन में उनको ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल कर रही है।

इंस्पेक्टर हसनगंज अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को जानकारी दी कि बाबूगंज चौकी के पास रहने वाले भाजपा नेता महेंद्र सोनी का भांजा भूमेंद्र गुड़गांव स्थित एक कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार रात घर के अंदर संदिग्ध हालात में पिस्टल से गोली चली ओर भूमेंद्र घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर घरवाले दौड़े तो कमरे में खून से लथपथ हालत में भूमेंद्र पड़े थे। आनन फानन में उनको ट्रामा सेंटर लेकर जाकर भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गम्भीर बताई जा रही है।

बता दें कि भूमेंद्र के घर के पास में ही पुलिस चौकी होने से पुलिस को भी तत्काल घटना की जानकारी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इंस्पेक्टर के मुताबिक महेंद्र सोनी ने बताया कि भांजे का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों में कुछ विवाद हो गया था। इस कारण वह डिप्रेशन में था। वहीं, भूमेंद्र ने बताया कि मामा की पिस्टल कमरे में रखी थी। वह देखकर उसे खोल रहे थे। इस बीच एकाएक गोली चल गई। जिससे वह घायल हो गए।

कमरे में खुली रखी थी पिस्टल, सामने आई भाजपा नेता की लापरवाही
पुलिस के मुताबिक मामले में भाजपा नेता की लापरवाही सामने आ रही है। घर के अंदर कमरे में पिस्टल लॉक करके रखनी चाहिए, लेकिन उनकी पिस्टल खुली रखी थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस संबंध में महेंद्र ने बताया कि वह घर पहुंचे और कमरे में पिस्टल निकालकर रखी। इसके बाद मां को दवाई देने चले गए। अलमारी में पिस्टल रखकर लॉक करना भूल गए थे।