Pathan Controversy: फिल्म ‘पठान’ के गाने ‘बेशर्म रंग’ में दीपिका की जगह मुख्यमंत्री योगी की फोटो लगाने पर FIR दर्ज, इसी तस्वीर में अभिनेत्री ने पहनी है भगवा रंग की ड्रेस

December 19, 2022 by No Comments

Share News

रिलीज से पहले ही शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान पर विवाद गहराता जा रहा है। इसी बीच एक शख्स ने बेशरम रंग गाने के उस सीन में अभिनेत्री दीपिका के चेहरे की जगह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो को एडिट कर फेस लगा दिया था, जिसमें दीपिका ने भगवा रंग की बिकनी पहन रखी है और शाहरुख खान के साथ रोमांस करने के अंदाज में दिखाई दे रही हैं।

इस तरह से दीपिका की तस्वीर को एडिट कर योगी की फोटो लगाई गई थी। इस फोटो को रिट्विट करते हुए भाजपा सौरभ मरोड़िया ने यूपी पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

यह तस्वीर पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही थी। इस पर लोगों ने आपत्ति जताई और यूपी पुलिस से कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और शख्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस अब ये जानने की कोशिश कर रही है कि इस तस्वीर को बनाने और अपलोड करने में किसकी भूमिका है। पुलिस ये जानने की भी कोशिश कर रही है कि इस वीडियो के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं। इस सम्बंध में भाजपा के मीडिया सेल के सौरभ मरोड़िया ने 18 दिसम्बर को यूपी पुलिस से विवादित तस्वीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। तो वहीं एक तस्वीर में साध्वी प्राची की भी फोटो लगाकर वायरल की जा रही है।

बता दें कि मामला लखनऊ के साइबर थाने में दर्ज किया गया है। आईटी एक्ट की धाराओं के तहत @अजार एसआरके_ (@AzaarSRK_) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस नाम से ट्विटर चलाने वाले पर आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर दीपिका की फोटो की जगह लगा दिया है। इसी के साथ डीजीपी मुख्यालय की साइबर एक्सपर्ट टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तो वहीं एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पठान फिल्म को बहिष्कार करने के लिए कहा है, लेकिन जब इस वीडियो की जांच की गई तो मालूम हुआ कि इस मामले में मुख्यमंत्री ने कोई बयान नहीं दिया है। बल्कि जो वीडियो वायरल किया जा रहा है, वह साल 2015 का है। उस समय योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के सांसद थे, न कि मुख्यमंत्री।

इन धाराओं में दर्ज हुआ है मुकदमा
पठान फिल्म में मुख्यमंत्री की मॉर्फ्ड फोटो लगाने पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसी के साथ पुलिस आरोपी के आईपी एड्रेस को ट्रैस कर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जानकारी अनुसार साइबर क्राइम थाने में तैनात मुख्य आरक्षी संतोष कुमार तिवारी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर देखा कि ट्विटर पर किसी ने पठान फिल्म के लांच हुए गाने में दीपिका पादुकोण की जगह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर मॉर्फ्ड कर लगाकर शेयर की है। जिसकी शिकायत उन्होंने साइबर क्राइम थाने में की। शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने आईपीसी की धारा 295ए और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।

जाने वायरल वीडियो में क्या कह रहे हैं योगी आदित्यनाथ
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं कि, “शाहरुख खान को इस बात को याद रखना चाहिए कि अगर इस देश का बहुसंख्यक समाज उनकी फिल्मों का बहिष्कार कर देगा तो एक आम मुसलमान की तरह उनको भी सड़को पर भटकना पड़ेगा। ” तो वहीं पठान फिल्म विवाद की वजह दीपिका पर फिल्माया गया वो सीन है, जिसमें उन्होंने भगवा रंग की बिकनी पहनी है और गाना बेशरम रंग है। हिंदू संगठन गाने में भगवा रंग के इस्तेमाल से नाराज़ है तो मुस्लिम संगठन का आरोप है कि इस फिल्म में उनके धर्म को भी निशाना बनाया गया है। क्योंकि पठान ऐसे बिल्कुल नहीं होते जैसा उनको फिल्म में दिखाया गया है। बता दें कि पठान फिल्म 25 जनवरी को रिलीज हो रही है, लेकिन उससे पहले ही बायकॉट का अभियान भी तेज कर दिया गया है। (फोटो-सोशल मीडिया)