Lucknow News: जुबानी जंग के बाद भिड़ गए महंत राजूदास और सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य, वीडियो हुआ वायरल
लखनऊ। जुबानी जंग के बाद सपा राष्ट्रीय महासचिव व एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य और अयोध्या हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास आपस में भिड़ गए. बुधवार को लखनऊ के एक होटल में एक निजी टीवी चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दोनों हिस्सा लेने पहुंचे थे. इसी दौरान दोनों के बीच पहले बहस हुई, इसके बाद मारपीट भी हो गई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. (फोटो-सोशल मीडिया)
जानकारी सामने आई है कि दोनों के बीच पहले जमकर बहस हुई, इसके बाद दोनों लोगों के बीच मारपीट भी हो गई. दोनों को अलग करने के लिए सुरक्षाकर्मियों को बीच में आना पड़ा. मालूम हो कि करीब एक महीने से स्वामी प्रसाद मौर्य और राजू दास के बीच जुबानी जंग चल रही है. इसकी शुरूआत स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा श्रीरामचरितमानस पर दिए विवादित बयान के बाद से हुई. मौर्य़ ने मानस पर विवादित टिप्पणी की थी और श्रीरामचरितमानस की एक चौपाई का जिक्र करते हुए कहा था कि उनमें पिछड़ों, दलितों और महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी हैं, जिससे करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है. लिहाजा इस पर पाबंदी लगा दी जानी चाहिए.
इसी के बाद महंत राजू दास ने मौर्य का सिर कलम करने वाले को इनाम देने की घोषणा की थी. इसी के बाद से ये मामला इतना बढ़ा कि नौबत हाथापाई की आ गई. इस पूरे मामले में जहां एक ओर महंत ने दावा किया है कि सपा नेता के समर्थकों ने उन पर हमला किया और शिकायत दर्ज कराने की बात कही तो दूसरी ओर सपा एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि तपस्वी छावनी मंदिर के महंत राजू दास, महंत परमहंस दास और उनके समर्थकों ने तलवार और फरसा लेकर लखनऊ में उन पर हमला करने की कोशिश की. इसी के साथ मौर्य ने पूर्व में राजू दास के दी गई धमकी का भी जिक्र किया है और सुरक्षा की मांग की है. इसी के साथ मौर्य ने ये भी आरोप लगाया कि राजू दास ने उन पर तलवार और फरसा से वार किया. ये सब साजिश के तहत किया गया. उनको अपनी जान का खतरा है. इसलिए सुरक्षा दी जाए.
इस पूरे मामले में पुलिस के मुताबिक इंटरव्यू खत्म होने के बाद स्वामी प्रसाद वहां से जाने लगे. दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई. इसी दौरान राजूदास व स्वामी प्रसाद के बीच हाथापाई हो गई. एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को जानकारी दी कि वीडियो फुटेज में दोनों पक्षों से नारेबाजी व एक-दो लोगों के बीच हाथापाई दिख रही है. जांच जारी है. तहरीर मिलेगी तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.
यहां देखें वीडियो