Lucknow: अब ई-ब्लाक चौराहे को कहा जाएगा “राजू श्रीवास्तव चौराहा”, फफक कर रोईं पत्नी, जानें महापौर संयुक्ता भाटिया ने इसी स्थान को क्यों चुना, वीडियो में देखें और क्या कहा मेयर ने
लखनऊ। महापौर संयुक्ता भाटिया ने हज़रतगंज के विशेश्वरिया हॉल में आयोजित विश्व विख्यात दिवगंत हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव की श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय राजू श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्पार्चन कर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान महापौर ने उनकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव, पुत्री अंतरा श्रीवास्तव को गले लगाकर और पुत्र आयुष्मान श्रीवास्तव के सर पर हाथ फेर कर ढांढस बंधाया।
इस मौके पर महापौर ने कहा कि किसी को रुलाना तो आसान होता है परन्तु किसी को हँसाना और किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखेरना बहुत ही पुण्य का कार्य है। राजू इस नाते से महान कलाकार थे। महापौर ने कहा कि लखनऊ राजू श्रीवास्तव का दूसरा घर था। राजाजीपुरम में उनका ससुराल है। यहाँ अक्सर कई मंचो पर उनसे भेंट हो जाया करती थी। हम परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे। उनकी असमय हुई मृत्यु असहनीय है उनकी कमी को कोई पूरा नहीं कर सकता।
देखें क्या कहा मेयर ने
मेयर भाटिया ने कहा कि लखनऊ के उनके ससुराल राजाजीपुरम स्थित आवास के निकट का ई ब्लॉक चौराहे का नाम उनके नाम से राजू श्रीवास्तव चौराहा करने की घोषणा करते हुए उनको श्रद्धांजली अर्पित करती हूं ताकि लखनऊ वासियों के दिलों में राजू श्रीवास्तव हमेशा जिंदा रहें, उनकी याद हम सबके दिलों में सदैव बनी रहेगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनके परिवार जनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
यहां देखें वीडियो