Happy Karwa Chauth: प्राणप्रिय तुमसे जुड़ी प्रीत, मन को मिल गया मनमीत…करवा चौथ पर सुहागिनों को भेजें एकदम नए शुभकामना संदेश
करवा चौथ स्पेशल। सुहागिनों का लोकप्रिय त्योहार-व्रत करवा चौथ इस बार 13 अक्टूबर को पड़ रहा है। सुहागिनों के इस प्रिय त्योहार पर कानपुर की जानी-मानी कवयित्री सीमा वर्णिका ने एकदम नए शुभकामना संदेश की रचना की है, ताकि हमारी बहनें अपनों को ये संदेश भेजकर एक-दूसरे को बधाई व शुभकामनाएं दे सकें। इस रचना में कवयित्री ने एक सुहागिन के मन के विचारों को खूबसूरती के साथ पंक्तियों में पिरोया है। देखें आप भी-

“प्राणप्रिय तुमसे जुड़ी प्रीत ।
मन को मिल गया मनमीत ।
सरगम के सप्तसुर लय में ,
गूँज रहे हैं तेरे सुर मेरे गीत।”
(करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं)
“जीवन का प्रतिक्षण अर्पण ।
प्रेम का हुआ पूर्ण समर्पण ।
एकात्म हुए हम प्रियतम ,
ज्यों प्रतिबिंब दर्शाए दर्पण।”
(आपको करवा चौथ की हार्दिक बधाई हो)
“संसार का यह पवित्र बंधन ।
अपरिहार्य इसमें सुप्रबंधन ।
प्रेम सद्भाव त्याग भावना,
सुवासित करते जैसे चंदन।।”
(करवा चौथ की शुभकामना)
“प्रिय आराध्य मेरे हृदयंगम ।
अंतराकाश के चंद्रविहंगम ।
प्रेम उपासिका मैं प्रिय तेरी,
तुममें शक्ति प्रीत का संगम।”
(करवा चौथ की बहुत-बहुत शुभकामनाएं)
“हृदयांगम मधुर संगीत ।
प्रेम की मनभावन रीत ।
जीवनपथ के तुम साथी,
तुम ही हो मेरे मनमीत।”
“मन की सुंदर अभिलाषा।
नयनों की सकल भाषा ।
हास परिहास सब तुमसे,
भावों की तुमसे परिभाषा।”
“अधरों का मनभावन गीत ।
तुम में समाहित हार जीत ।
करवा चौथ का पावन पर्व ,
अंतर्मन की दृश अद्भुत प्रीत।।”
करवा चौथ मुबारक हो