UP News: ठेकेदार ने सिलबट्टे से कूचकर मार डाला पत्नी को और फिर खुद भी झूला फंदे से, त्योहार से पहले बिना मां-बाप के हुए दो बेटे, वजह कर देगी हैरान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा के सरीपुरा केतन विहार में मंगलवार दोपहर 43 वर्षीय ठेकेदार कुलवंत सिंह ने सिलबट्टे से कूचकर 38 वर्षीय पत्नी पुष्पा की हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद भी फांसी पर झूल गया।
इस दौरान घर में बच्चे नहीं थे। जब बच्चे घर लौटे तो घर के अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। जानकारी पुलिस को दी गई, जिसमें सामने आया कि पुष्पा किसी से फोन पर घंटों बात किया करती थी, जो पति को नगवार गुजरा और उसने पत्नी को मारने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। बताया जा र हा है कि दोनों के बीच इस बात को लेकर करीब दो महीने से विवाद चल रहा था।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक मूल रूप से प्रयागराज नैनी के रहने वाले कुलवंत सिंह ठेके पर मकान का निर्माण कराते थे। वह कई सालों से परिवार के साथ तालकटोरा के सरीपुरा केतन विहार में रह रहे थे। मंगलवार सुबह उनके बेटे शरद और अनिरुद्ध दोनों कोचिंग गए थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों लौटे और मां को पुकारते हुए घर में घुसे तो आंगन में जाल से रस्सी के सहारे पिता को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद वह कमरे में पहुंचे जहां फर्श पर खून से लथपथ हालत में मां पुष्पा पड़ी हुई थी। ये सब देने के बाद ही दोनों चीखने-चिल्लाने लगे और फिर घर के बाहर भागे।
इस पर मोहल्ले वालों की भीड़ घर के बाहर जुट गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हत्या की सूचना पर डीसीपी पश्चिम एस चन्नप्पा, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसीपी सुनील शर्मा और तालकटोरा इंस्पेक्टर रीकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। दोनों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां, डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि सिलबट्टे से सिर और चेहरे के पास ताबड़तोड़ प्रहार कर पुष्पा की हत्या की गई है। उसके बाद कुलवंत ने फांसी लगा ली। मौके से कोई सुसाइडनोट नहीं मिला है।
फिलहाल फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मौके से साक्ष्य जुटाए। कुलवंत का बेटा शरद 17 साल और अनिरुद्ध 13 साल का है। शरद ने बताया कि उसकी मां किसी से फोन पर घंटों बात किया करती थी । इस बात को लेकर पापा नाराज रहते थे। इसको लेकर पापा और मम्मी में अक्सर झगड़ा होता था। दो माह से उनके बीच विवाद चल रहा था। सुबह दोनों कोचिंग के लिए गए थे। बेटों ने आशंका जताई कि पापा और मम्मी में फिर से झगड़ा हुआ होगा। इसके बाद पापा ने मम्मी की हत्या कर दी और खुद फांसी लगा ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि कुलवंत की बहन अंजू जानकीपुरम में रहती हैं। बहन और बेटों ने अन्य किसी प्रकार के आरोप से इंकार किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।