UP:राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू पर पांडवों और कौरवों को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा के खिलाफ पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने की FIR की मांग, वीडियो वायरल
लखनऊ। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) पर विवादित टिप्पणी करने वाले फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ( Ram Gopal Varma) के खिलाफ पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने लखनऊ कमिश्नर से FIR की मांग की है। इस सम्बंध में उनका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें ठाकुर कह रहे हैं कि फिल्म निर्माता, निर्देशक राम गोपाल वर्मा का ट्वीट धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक भावनाओं से स्पष्ट खिलवाड़ करने वाला है। इस पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए।
गौरतलब है कि 22 जून को राम गोपाल वर्मा ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर लिखा है कि अगर द्रोपदी राष्ट्रपति हैं तो फिर पांडव कौन हैं? और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि कौरव कौन हैं?” उनके इस ट्वीट के बाद से ही कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश (UP) की राजधानी लखनऊ से पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और उनकी सोशल एक्टिविस्ट पत्नी नूतन ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
तो वहीं दूसरी ओर चौतरफा आलोचना से घिरे वर्मा ने दो दिन बाद एक और ट्वीट किया है और कहा है कि किसी को आघात पहुंचाने की उनकी कोई मंशा नहीं थी। इस पर ठाकुर ने कहा है कि इसका अर्थ है कि वर्मा भलीभांति जानते हैं कि उनकी टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक, अनुचित तथा धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाली थी। साथ ही इस ट्वीट का देश के राष्ट्रपति पद की प्रमुख प्रत्याशी के नाम से संबंध के कारण इस टिप्पणी का महत्व और अधिक बढ़ जाता है और यह टिप्पणी सीधे-सीधे लोगों की धार्मिक, सामाजिक एवं राजनैतिक भावनाओं को उकसाने, लोगों को अनावश्यक रूप से गलत ढंग से उद्वेलित करने तथा सामाजिक, राजनैतिक एवं धार्मिक शांति को स्पष्टतया अनुचित एवं आपत्तिजनक ढंग से भंग करने का अनुचित एवं कुत्सित प्रयास है।