Lucknow Police: NEET परीक्षा में असफल युवक जा रहा था जान देने, फेसबुक पर डाली आत्महत्या की पोस्ट, लखनऊ पुलिस ने इस तरकीब से बचाई जान

September 8, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। गुरुवार को नीट परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। ऐसे में जो अभ्यर्थी तमाम तैयारी के बावजूद पास नहीं कर सके, वो निराश रहे। इसी बीच उत्तर प्रदेश के लखनऊ से खबर सामने आई कि नीट परीक्षा में फेल हुए छात्र ने फेसबुक पर अपनी जान देने के सम्बंध में पोस्ट डाली तो लखनऊ पुलिस ने सूझबूझ के साथ उसकी जान बचा ली।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया सेल और लखनऊ कमिश्नरेट की सराहनीय पहल से नीट की परीक्षा में फेल हुए मदेयगंज निवासी युवक को बचा लिया गया। उसने जहर खाकर जान देने की बात फेसबुक पर पोस्ट की थी। इससे पहले कि युवक आत्महत्या करता। सोशल मीडिया सेल ने लखनऊ पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा मदेयगंज पुलिस युवक के घर पहुंची और काउंसिलिंग की। जिसके बाद उसने आत्महत्या का इरादा छोड़ दिया।

फेसबुक ने दी थी पुलिस को जानकारी
युवक ने तड़के करीब तीन बजकर 25 मिनट पर जहर खाकर आत्महत्या करने के संबंध में पोस्ट डाल दी थी। पुलिस की सोशल मीडिया सेल को ई-मेल व फोन के जरिए फेसबुक ने इसकी जानकारी दी। मुख्यालय ने मदेयगंज पुलिस को तत्काल युवक के घर जाकर उससे मुलाकात और काउंसलिंग कर उसकी समस्या की जानकारी लेने के लिए कहा गया। पुलिस ने युवक से संपर्क किया तो उसने बताया कि तनाव के चलते भावावेश में आकर पोस्ट कर दिया था। आगे से ऐसी गलती नहीं करेगा। बता दें कि यूपी पुलिस और फेसबुक के बीच मार्च 2020 में आत्महत्या से संबंधित पोस्ट आने पर तुरंत अलर्ट भेजकर जानकारी देने की बात तय हुई थी। आत्महत्या संबंधित पोस्ट का संज्ञान लेकर यूपी पुलिस ने अब तक चार लोगों की जाच बचाई है।

मदद करने का भी पुलिस ने दिया भरोसा
एडीसीपी पश्चिम चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक युवक नीट की परीक्षा में फेल हो गया था। इसलिए वह परेशान था और आत्महत्या करने की पोस्ट की थी। उसे काफी समझाया गया। उसे पूर्व राष्ट्रपति एपीजे कलाम और अब्राहम लिंकन के जीवन और उनके पथ में आयी तमाम परेशानियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही उससे कहा गया कि तुम तैयारी फिर से करो कोचिंग से लेकर किताबों में जो भी खर्च आएगा उसमें मदद की जाएगी। हिम्मत बंधाई गई। जिसके बाद उसने आत्महत्या न करने की बात कही। किसी भी समस्या के लिए उसे मोबाइल नंबर दिया गया। जिससे वह तत्काल संपर्क कर सके।