Lucknow University: विश्वविद्यालय के 17 शिक्षक SciRank Global की विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के 17 शिक्षक SciRank Global की “World’s Top 5% Scientists” सूची में शामिल हुए हैं। बता दें कि ये सूची विश्वविद्यालय में वर्तमान कार्यरत शिक्षकों की सूची है. यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की सशक्त शोध संस्कृति, वैज्ञानिक योगदान, उद्धरण प्रभाव और वैश्विक अकादमिक पहचान को रेखांकित करती है.
शिक्षकों को मिली इस उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने सभी वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान विश्वविद्यालय की शोध उत्कृष्टता, अकादमिक प्रतिबद्धता और वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की शोध क्षमता, वैश्विक दृश्यता, रैंकिंग और संस्थागत प्रतिष्ठा को भी मजबूत करती है।
इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विज्ञान के विविध क्षेत्रों से संकाय सदस्यों का इस सूची में शामिल होना यह दर्शाता है कि लखनऊ विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी शोध को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत शोध संस्थान के रूप में और अधिक प्रतिष्ठित करेगी।

इन शिक्षकों का नाम है शामिल
इस प्रतिष्ठित सूची में लखनऊ विश्वविद्यालय के विभिन्न विज्ञान विषयों से जुड़े संकाय सदस्यों ने स्थान प्राप्त किया है। भौतिकी विभाग से प्रो. पूनम टंडन, प्रो. राजीव मनोहर, प्रो. ए. के. सिंह, प्रो. चंद्रकिरण गौतम, प्रो. अमृतांशु शुक्ला, प्रो विवेक कुमार सिंह, तथा प्रो. सतेंद्र पाल सिंह शामिल हैं। रसायन विज्ञान से प्रो. नरेंद्र कुमार सिंह और डॉ. शशि बाला, जंतु विज्ञान से प्रो. मोनिशा बनर्जी, जैव रसायन से प्रो. सिद्धार्थ कुमार मिश्रा और डॉ. आशुतोष सिंह, सांख्यिकी से प्रो. शशि भूषण, गणित एवं खगोल विज्ञान से प्रो. राजेंद्र प्रसाद, तथा वनस्पति विज्ञान से प्रो. शालिनी श्रीवास्तव, प्रो. राजेश कुमार तिवारी, प्रो. विवेक कुमार सिंह और डॉ. अजेय सिंह को इस वैश्विक सूची में स्थान मिला है।
ये मिली है शिक्षकों को रैंकिंग
वैश्विक रैंकिंग में प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने #204,937, डॉ. शशि बाला ने #225,679, प्रो. पूनम टंडन ने #345,543, प्रो. शशि भूषण ने #584,899, प्रो. मोनिशा बनर्जी ने #730,033, प्रो. अमृतांशु शुक्ला ने #773,431, प्रो. चंद्रकिरण गौतम ने #794,100, प्रो. राजीव मनोहर ने #823,114, प्रो. ए. के. सिंह ने #871,017, प्रो. सतेंद्र पाल सिंह ने #957,491, प्रो. सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने #964,999, विवेक कुमार सिंह ने #1,024, 824, प्रो. राजेश कुमार तिवारी ने #1,090,016, डॉ. अजेय सिंह ने #1,097,522, प्रो. नविंद्र कुमार सिंह ने #1,298,335, डॉ. आशुतोष सिंह ने #1,429,618 और प्रो. शालिनी श्रीवास्तव ने #1,490,068 स्थान प्राप्त किया है।
ये भी पढ़ें-Varanasi News: काशी में अब नहीं मिलेगा मीट-मांस और मछली…नगर निगम ने नई योजना पर लगाई मुहर