Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की मिली ये बड़ी उपलब्धि…
June 5, 2026
No Comments
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) के भौतिकी विभाग के प्रो. चंदकी राम गौतम एवं उनकी शोध टीम ने ऊर्जा भंडारण (Energy Storage) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी शोध समीक्षा एल्सेवियर की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका जर्नल ऑफ एनर्जी स्टोरेज (इम्पैक्ट फैक्टर 9.8) Q1 जर्नल में प्रकाशित हुई है, जिसे ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की अग्रणी पत्रिकाओं में गिना जाता है।
यह शोध समीक्षा MXene आधारित उन्नत ऊर्जा भंडारण सामग्री एवं सुपरकैपेसिटर तकनीक में हाल के वैश्विक विकासों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत करती है।
एमएक्सीन वर्ष 2011 में खोजी गई द्वि-आयामी (2D) नैनो सामग्री की एक उभरती हुई श्रेणी है, जो अपनी उत्कृष्ट विद्युत चालकता, विशाल सतह क्षेत्र, यांत्रिक फ्लेक्सिबल तथा अनुकूलित सतही रसायन के कारण वैज्ञानिकों के बीच अत्यधिक लोकप्रिय हो रही है। एमएक्सीन-आधारित इलेक्ट्रोड उच्च धारिता, तीव्र चार्ज-डिस्चार्ज क्षमता तथा उत्कृष्ट चक्रीय स्थिरता प्रदान करते हैं। इसके अतिरिक्त, अन्य नैनोमैटेरियल्स के साथ इनके संकरण से ऊर्जा भंडारण प्रदर्शन और अधिक बेहतर हो जाता है।
शोध समीक्षा में एमएक्सीन आधारित हाइब्रिड इलेक्ट्रोडों के निर्माण की विभिन्न रणनीतियों का विश्लेषण किया गया है, जिनमें कार्बन नैनोट्यूब, ग्राफीन, धातु ऑक्साइड, धातु सल्फाइड तथा चालक पॉलिमरों के साथ संयोजन शामिल है।
अध्ययन में बताया गया है कि ये हाइब्रिड संरचनाएं एमएक्सीन की प्रमुख चुनौतियों—जैसे नैनोशीट रीस्टैकिंग एवं ऑक्सीकरण—को दूर कर उनकी विद्युत-रासायनिक क्षमता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाती हैं। लेख में फ्लेक्सिबल एवं वेयरेबल सुपरकैपेसिटर, माइक्रो-सुपरकैपेसिटर, इलेक्ट्रोलाइट इंजीनियरिंग तथा बड़े पैमाने पर निर्माण तकनीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई है।
प्रो. चंदकी राम गौतम ने कहा, “यह समीक्षा विश्वभर में हुए शोध कार्यों को एक मंच पर लाकर एमएक्सीन आधारित टिकाऊ, फ्लेक्सिबल और उच्च दक्षता वाले सुपरकैपेसिटर विकसित करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप प्रदान करती है। हमारा उद्देश्य प्रयोगशाला स्तर के नवाचारों को वास्तविक ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में परिवर्तित करने में योगदान देना है।”
यह प्रकाशन लखनऊ विश्वविद्यालय को नैनोप्रौद्योगिकी, ऊर्जा सामग्री और सतत ऊर्जा अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह भारत की स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और आत्मनिर्भर प्रौद्योगिकी विकास संबंधी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप है।
जर्नल ऑफ एनर्जी स्टोरेज ऊर्जा भंडारण अनुसंधान के क्षेत्र की विश्व की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में से एक है। इस जर्नल में प्रकाशन शोध कार्य की उच्च गुणवत्ता, वैज्ञानिक महत्ता और वैश्विक प्रासंगिकता को दर्शाता है।
शोध टीम
प्रो. चंदकी राम गौतम (Corresponding Author)
डॉ. रजत कुमार मिश्रा (शोधार्थी)
डॉ. सर्वेश कुमार अविनाशी (शोधार्थी)
भौतिकी विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश