चाक पर मिट्टी घुमा नन्हें बच्चों ने सीखा कुल्हड़ और दीए बनाना…चित्रकथी आर्ट स्कूल में कार्यशाला का आयोजन

November 9, 2025 by No Comments

Share News

Vocal for Local: उत्तर प्रदेश के लखनऊ के सॉउथ सिटी में चित्रकथी आर्ट स्कूल द्वारा “वोकल फॉर लोकल” और “पर्यावरणीय स्थिरता” की थीम पर एक दिवसीय मिट्टी कला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय पारंपरिक कारीगरी से जोड़ना और पर्यावरण के अनुकूल रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना रहा।

स्कूल के निदेशक अशुतोष वर्धन ने कार्यशाला को लेकर बताया कि इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने मिट्टी से उपयोगी और सजावटी वस्तुएँ बनाना सीखा। विद्यार्थियों को मिट्टी को आकार देने, रंग संयोजन तथा बर्तन सजाने की विविध तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रोत्साहित करती हैं।

कार्यशाला में पॉटरी कलाकार मनोज कुमार एवं शुभी ने विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को मिट्टी कला की बारीकियाँ, चाक पर मिट्टी घुमाने की तकनीक और नए प्रयोग सिखाए। बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से आकर्षक कलाकृतियाँ तैयार कीं, जिससे उनमें धैर्य और रचनात्मक सोच का विकास हुआ।

इस कार्यशाला में जिगिशा, त्रियाक्ष, आदित्य, अविष्का, जिहान, पवलीन, मिशिका, शैला, सूर्यांश और सर्वज्ञ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने बताया कि मिट्टी कला सीखना उनके लिए एक नया और आनंददायक अनुभव रहा।

कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसे अभिभावकों और आगंतुकों ने सराहा। यह पहल स्थानीय कला, कारीगरों और पर्यावरणीय संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम रही।

ये भी पढ़ें-Road Accident: 6 साल की बच्ची का दिल दहला देने वाला रोड एक्सीडेंट…पूरा दोष माता-पिता का-Video