Cough Syrup Death Case: MP पुलिस को मिली बड़ी सफलता…दवा कंपनी का मालिक चेन्नई से गिरफ्तार; कफ सिरप पीने से हुई थी 20 बच्चों की मौत

October 9, 2025 by No Comments

Share News

Cough Syrup Death Case MP Chhindwara: कफ सिरप पीने के बाद हुई बच्चों की मौत से पूरा देश आक्रोशित है और लगातार आरोपियों के खिलाफ कड़ा कार्रवाई की मांग की जा रही है. तो वहीं मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ सिरप के कारण 20 बच्चों की हुई मौत के मामले मे मध्य प्रदेश (MP) पुलिस ने फरार दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी में चेन्नई पुलिस ने भी मदद की.

सोशल मीडिया पर वायरल पुलिस बयान के मुताबिक, मासूम बच्चों की मौत के बाद से ही कंपनी मालिक रंगनाथन फरार चल रहा था. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी. इसी बीच पुलिस को उसके तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में होने की सूचना मिली. इस पर चेन्नई पुलिस की मदद से उसे गुरुवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है. रंगनाथन को आगे की कार्रवाई के लिए सुंगुवरछत्रम ले जाया जा रहा है। तो वहीं मध्य प्रदेश पुलिस ने मौतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। इसके अलावा, तमिलनाडु की दवा कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

20 बच्चों की हुई मौत

पुलिस की प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 20 बच्चों की हुई मौत की वजह ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप था. इसी को पीने के बाद बच्चों की हालत बिगड़ी और फिर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस सिरप को श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स ने बनाया था. जांच में खुलासा हुआ है कि सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा तय मानक से कहीं ज्यादा थी. जिसे पीने के तुरंत बाद ही बच्चों के गुर्दे (किडनी) फेल हो गए। बता दें कि इस मामले के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने श्रीसन फार्मा के सभी उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया। मृतकों में छिंदवाड़ा जिले के 18 और बैतूल जिले के 2 बच्चे शामिल हैं।

डॉक्टर भी हो चुका है गिरफ्तार

बता दें कि इस मामले में सिरप लिखने वाले डॉक्टर प्रवीण सोनी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. उसकी जमानत याचिका भी अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एडीजे), परासिया ने खारिज कर दी।

इनको भी हटा दिया गया पद से

मामला सामने आने के बाद सीएमएचओ डॉ. नरेश गोनारे व सिविल सर्जन को पद से हटा दिया गया है तो वहीं डॉ. सुशील कुमार दुबे को सीएमएचओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस सम्बंध में मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार की नजर से कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा. उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के मामले में जो भी दोषी होगा. उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-अब यहां हुई दो बच्चों की मौत…मचा हड़कंप; कहीं यहां भी कफ सिरप ही वजह तो नहीं?