Mukesh Ambani: मुकेश अंबानी को एक बार फिर से मिली जान से मार देने की धमकी, आए आठ फोन, कहा- पूरे परिवार को खत्म कर देंगे तीन घंटे में, जानें पहले कब मिली थी धमकी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमेन और भारत के जाने-माने उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के परिवार को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस ने इस घटना की जानकारी मीडिया को दी है। मुंबई पुलिस के अनुसार रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल (Reliance Foundation hospital) के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरे आठ फोन कॉल धमकी देने वाले की ओर से किए गए हैं। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि उनके पूरे परिवार को तीन घंटे के भीतर खत्म कर दिया जाएगा।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के अधिकारियों ने डीबी मार्ग पुलिस थाने में पूरे मामले को लेकर शिकायत दर्ज करा दी है। इसी के साथ कहा कि आज मुकेश अंबानी को धमकी देते हुए कुल आठ कॉल किए गए हैं। वहीं पुलिस अधिकारी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि हमें अस्पताल से शिकायत मिली है और हम इसकी जांच शुरू कर रहे हैं।
2021 में भी मिली थी मुकेश अम्बानी को धमकी
बता दें कि 2021 में भी अम्बानी को धमकी मिल चुकी है। मुंबई में मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर 20 जिलेटिन स्टिक वाली एक कार मिली थी। इस वाहन में एक नोट भी मिला था जिसमें मुकेश और उनकी पत्नी नीता अंबानी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। एंटीलिया के पास पाए गए एसयूवी के अंदर कुछ नंबर प्लेट्स भी पुलिस को मिली थी और ये नंबर प्लेट्स अंबानी की सुरक्षा में लगी गाड़ियों की नंबर प्लेट से मैच करती हुई थी। (फोटो-सोशल मीडिया)