NCC Adventure Course Camp: 64 NCC बटालियन, लखनऊ विश्वविद्यालय की गर्ल्स कैडेट ने अरुणाचल प्रदेश में पूरा किया ये कोर्स
NCC Adventure Course Camp: राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) द्वारा आयोजित एडवेंचर कोर्स कैंप का आयोजन दिनांक 21 जून से 30 जून, 2025 तक राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान, अरुणाचल प्रदेश में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस टफ प्रशिक्षण शिविर में देशभर से चयनित एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया। तो वहीं इस गौरवशाली अवसर पर 64 यूपी बटालियन एनसीसी की कैडेट लांस कॉर्पोरल सिमरन पांडे ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने संस्थान एवं जनपद का गौरव बढ़ाया।
शिविर की यात्रा का शुभारंभ 18 जून की शाम को ट्रेन से हुआ, जिसके बाद प्रतिभागी 19 जून की रात गुवाहाटी पहुंचे। वहां सभी कैडेट्स ने 240 ट्रांजिट कैंप में विश्राम किया। 20 जून को कैडेट्स ने डिरांग की ओर प्रस्थान किया और रात्रि 3 बजे गंतव्य पर सुरक्षित रूप से पहुंचे। 21 जून को शिविर का विधिवत उद्घाटन हुआ, जिसमें प्रातःकालीन योग एवं शारीरिक प्रशिक्षण (PT) के सत्र के साथ कैडेट्स का दस्तावेज सत्यापन संपन्न हुआ।
शिविर के आने वाले दिनों में प्रतिभागियों को शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के लिए विविध साहसिक एवं प्रशिक्षणात्मक गतिविधियों से परिचित कराया गया।
22 जून को सर्वाइवल तकनीकों पर आधारित व्याख्यान आयोजित किया गया, जिसमें विषम परिस्थितियों में आत्मनिर्भरता एवं रणनीतिक सोच के मूलभूत सिद्धांतों पर प्रकाश डाला गया।
तो वहीं 23 जून को डिरांग की सुप्रसिद्ध मठ तक 12 किलोमीटर की ट्रैकिंग, तथा 24 जून को एशिया की 22 फीट ऊँची कृत्रिम दीवार पर आर्टिफिशियल वॉल क्लाइम्बिंग का आयोजन किया गया।
इसके बाद 25 जून को 15 किलोमीटर लंबी ट्रैकिंग के माध्यम से कैडेट्स ने प्राचीन मठ का अवलोकन किया। 26 जून को ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग और रोप क्लास आयोजित की गईं, जिनमें संतुलन, लचीलापन और संयम का अभ्यास कराया गया। फिर 27 जून को कैडेट्स ने लगभग 8 से 10 किलोमीटर की ट्रैकिंग करते हुए डिरांग क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और सामरिक महत्त्व को निकटता से अनुभव किया और फिर 28 जून को आयोजित 500 मीटर लंबी ज़िप लाइनिंग ने शिविर की साहसिक गतिविधियों को एक नया आयाम प्रदान किया।
इसी के साथ ही 30 जून को शिविर का भव्य तरीके से समापन हुआ. इस मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। लांस कॉर्पोरल सिमरन पांडे की सक्रिय भागीदारी इस प्रशिक्षण शिविर में विशेष रूप से सराहनीय रही तथा उन्होंने अपने अनुकरणीय समर्पण एवं दृढ़ संकल्प से एनसीसी के उच्च मूल्यों को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित किया इस अवसर पर 64 बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल पी पी यस चौहान, एडम ऑफिसर ले. क. अनिमेष राय एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर ले. डॉ रजनीश यादव व सूबेदार मेजर तथा सभी जे. सी.ओ. एन. सी. ओ. ने बधाई दी. बता दें कि यह एडवेंचर कोर्स कैंप न केवल शारीरिक एवं मानसिक दक्षताओं के संवर्धन का माध्यम बना, अपितु नेतृत्व, अनुशासन तथा सहयोग की भावना को भी दृढ़ता से स्थापित करने वाला अनुभव रहा।