Varanasi: अब बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए 500 की जगह देना होगा 2 हजार, रुद्राभिषेक- श्रृंगार के लिए 20 हजार, देखें पूरी रेट लिस्ट, देखें वीडियो
Kashi Vishwanath in Varanasi: भोले बाबा को श्रावण मास (सावन का महीना) अति प्रिय लगता है. इसीलिए इस महीने 4 जुलाई से शुरू होने जा रहे सावन मास में भक्तों के लिए प्रदेश भर के शिवालय सज-धज कर तैयारा हो रहे हैं. बता दें कि इस बार अधिमास की वजह से दो सावन लग रहे हैं. इस तरह से इस बार 8 सावन से सोमवार पड़ेंगे. इसी बीच काशी विश्वनाथ से खबर सामने आ रही है कि, मंगला आरती के रेट दोगुने कर दिए गए हैं. यानी आम दिनों में जिस मंगला आरती के लिए 500 रुपए रेट है उसे सावन में बढ़ाकर 2000 रुपए कर दिया गया है. इसी के साथ सावन में श्रृंगार और रुद्राभिषेक के लिए भक्तों को 20 हजार रुपए देने होंगे.
दो सावन होने के कारण भगवान शिव की नगरी काशी में द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन चुस्त- दुरुस्त व्यवस्था बनाने में जुटा है. इसी बीच नई रेट लिस्ट आने के बाद भक्तों में कानूफूसी भी शुरू हो गई है, लेकिन मंदिर प्रशासन का कहना है कि मंदिर में व्यवस्था को देखते हुए ही रेट बढ़ाया गया है.
सोमवार को देना चुकाना पड़ेगा दोगुना दाम
सावन महीने में बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन और आरती के रेट को बढ़ाए जाने को लेकर मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि,विगत सावन के महीने को देखकर इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में और ज्यादा इजाफा होने वाला है. ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन हो सके और आरती में श्रद्धालुओं के भीड़ को नियंत्रित किया जा सके, इसे लेकर मंदिर प्रशासन ने सुगम दर्शन और कुछ आरतियों के रेट में बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया है. बढ़ाए गए रेट के अनुसार सावन महीने में सुगम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपए देने होंगे, जबकि सावन के सोमवार को सुगम दर्शन के लिए 750 रुपए का टिकट लेना होगा. ऐसे सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के लिए 300 रुपए देना पड़ता है.
मंगला आरती और रुद्राभिषेक का ये हो गया है रेट
सावन महीने में मंगला आरती और रुद्राभिषेक का भी रेट बढ़ा दिया गया है. जहां आम दिनों में मंगला आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपए का टिकट लेना होता है तो वहीं सावन महीने के आम दिनों में मंगला आरती में शामिल होने के लिए अब 1000 और सावन के सोमवार को 2000 रुपए का टिकट श्रद्धालुओं को लेना पड़ेगा.
मध्यान भोग आरती, सप्तऋषि आरती और रात्रि श्रृंगार / भोग आरती शामिल होने के लिए 300 रुपए का टिकट बढ़ाकर सावन महीने में 500 रुपए कर दिया गया है.
आम दिनों में रुद्राभिषेक (1 शास्त्री) का 450 रुपए देना होता है, जिसे सावन महीने में बढ़ाकर 700 रुपए कर दिया गया है. तो वहीं रुद्राभिषेक (5 शास्त्री) 1380 रुपए से बढ़ाकर सावन में 2100 रुपए और सावन के सोमवार को 3000 रुपए कर दिया गया है.
श्रावण में सन्यासी भोग के लिए सावन महीने में 4500 रुपए और सावन के सोमवार को 7500 रुपए देने होंगे.
श्रृंगारों में शामिल होने के लिए श्रद्धालु को 20 हजार रुपए का टिकट लेना होगा.