Raju Srivastav Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए राजू श्रीवास्तव, हमेशा के लिए गुम हो गई कनपुरिया ठाठ-बाट की आवाज, देखें कनपुरिया अंदाज के चर्चित वीडियो, राजू जिनको नहीं जानते थे, उनसे भी उन्हीं के अंदाज में मिलते थे, पढ़ें एक रोचक संस्मरण

September 22, 2022 by No Comments

Share News

गुरुवार को कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव पंचतत्व में विलीन हो गए। सबको हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव हमेशा के लिए मौन हो गए और उनके मौन होते ही कनपुरिया शैली और ठाठ-बाट को कॉमेडी में पिरोने वाली आवाज भी। क्योंकि कनपुरिया शैली व भाषा को जिस तरह से राजू ने कॉमेडी के अंदाज में दुनिया के सामने रखा था, उससे शहर को कलाकार देने वाले शहर के रूप में नई पहचान मिली थी।

उनके निधन से न केवल देश बल्कि विदेशों से भी राजू के चाहने वालों ने उनको श्रद्धांजलि दी। गुरुवार को राजू श्रीवास्तव का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगमबोध घाट में किया गया। उनके परिवारवालों, दोस्तों और प्रशंसकों ने नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान राजू अमर रहे…के नारे भी लोगों ने लगाए।

अभिनेता रितेश देशमुख ने ट्विट कर दी श्रद्धांजलि

राजू श्रीवास्तव को अंतिम बार विदाई देने उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री, सुनील पाल, मधुर भंडारकर, ऐहसान कुरैशी आदि श्मशान घाट पहुंचे थे। सभी ने उन्हें नम आंखों से अलविदा कहा।

सुनील ग्रोवर ने दी राजू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि लीजेंड को मिस करेंगे। तो वहीं राजू की बेटी अंतरा ने अपने इंस्टॉग्राम अकाउंट पर लोगों की शोक संवेदनाओं का जवाब देते हुए धन्यवाद कहा। तो वहीं जाने-माने अंतरराष्ट्रीय भारतीय सैंड कलाकार सुदर्शन पटनायक ने श्रद्धांजलि देते हुए राजू की तस्वीर को सैंड से उकेरा और नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। इसका वीडियो भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है और लिखा कि हंसाते-हंसाते रुला दिया।

देखें सुदर्शन पटनायक ने किस तरह दी श्रद्धांजलि

बता दें कि कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का पार्थिव शरीर निगमबोध घाट जाने के लिए अंतिम यात्रा उनके भाई के घर दशरथपुरी से शुरू हुई थी। नम आंखों से अपने दोस्त राजू श्रीवास्तव को अंतिम विदाई देने पहुंचे सुनील पाल ने कहा कि वह आज के चार्ली चैप्लिन थे। अंतिम यात्रा में एहसान कुरैशी भी पहुंचे। बता दें कि 10 अगस्त को ट्रेडमिल पर भागते वक्त राजू बेहोश होकर गिर पड़े थे। तभी से उनकी इलाज एम्स में चल रहा था। इस दौरान उनकी हालत कभी बिगड़ी तो कभी ठीक भी हुई थी, लेकिन 21 सितम्बर को उनका निधन हो गया। इस खबर ने पूरे बॉलीवुड के साथ देश को भी झकझोर कर रख दिया है। राजू से चाहने वाले उनके वीडियो वायरल करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

शिल्पा शेट्टी ने दी श्रद्धांजलि
राजू के साथ अवधेश

कानपुर के साहित्यकार ने बताया रोचक संस्मरण
कानपुर के रहने वाले साहित्यकार अजय मोहन जैन और अवधेश श्रीवास्तव बताते हैं कि “एक बार मुझे भी अपने  5-6 मित्रों के साथ राजू श्रीवास्तव से उनके घर पर मुलाकात का मौका मिला। वैसे तो उस मुलाकात के बहुत से वाकिये हैं पर एक खास संस्मरण जिससे मुझे लगा कि मुद्रा नकल और हास्य की कला उनके खून में ही है आप से साझा कर रहा हूँ। हम लोग अचानक से बिना किसी पूर्व सूचना के एक दिन उनके घर मिलने पहुँच गये। हम लोग एक बड़ी सी डाईनिगं टेबल के चारों तरफ बैठकर बात कर रहे थे और मजेदार आश्चर्य की बात यह कि वह हर आदमी से उसी के हावभाव, मुद्रा और सुर में हास्य का पुट देते हुए बात कर रहे थे बिना किसी पूर्व तैयारी के। ऐसी स्टैंड-अप कॉमेडी मैंने पहले कभी देखना तो दूर कभी सुनी भी नहीं थी।”

ये उस समय का वीडियो,जब राजू के पार्थिव शरीर को लाया जा रहा था एम्स से बाहर

टूट गईं पत्नी
राजू श्रीवास्तव के निधन के बाद से ही पत्नी शिखा श्रीवास्तव टूट गई हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा- ‘मैं अभी बात करने की हालत में नहीं हूं। मैं अब कह भी क्या सकती हूं… उन्होंने बहुत संघर्ष किया, मैं वास्तव में उम्मीद और प्रार्थना कर रही थी कि वह इस जंग से लड़कर वापस आ जाएंगे। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ है। मैं केवल इतना कह सकती हूं कि वह एक सच्चे योद्धा थे।’

राजू ने नहीं मानी कभी हार

आर्थिक तंगी से जूझकर कानपुर के रहने वाले राजू ने बनाया था अपना करियर और लगाई थी सफलता की ऊंची छलांग
राजू श्रीवास्तव 1990 के दशक से बॉलीवुड में सक्रिय हैं और बतौर कॉमेडियन के साथ ही हास्य अभिनेता के तौर पर काम भी किया है। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन भी थे। उन्होंने 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन लॉफ्टर चैलेंज के पहले सीजन में हिस्सा लिया था और इसी के बाद उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रहने वाले राजू श्रीवास्तव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। इसके बार राजू ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और उनके जोक्स बच्चों-बच्चों की जुबान पर चढ़ गए थे। राजू उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने आर्थिक तंगी के बीच अपना करियर बड़े ही संघर्ष के बाद बनाया था। वह कानपुर के लोगों के आदर्श भी थे। उनको देखकर ही तमाम छोटे शहरों के युवक-युवतियों ने भी कॉमेडियन के क्षेत्र में अपना करियर बनाया है। (फोटो एएनआई से ली गई है)

देखें कनपुरिया अंदाज में किस तरह लोगों को हंसाते थे राजू श्रीवास्तव, वीडियो