SAWAN:थाइलैंड की जानी-मानी अभिनेत्री ने फिल्म की सफलता के लिए विष्णु मंदिर में कराया रुद्राभिषेक, सावन के पहले सोमवार पर बैंकॉक में गूंजे भोले बाबा के जयकारे, देखें वीडियो
थाइलैंड में सनातन धर्म को मानने वालों की श्रद्धा इसी से मालूम हो जाती है कि वह संस्कृत या हिंदी भाषा को न समझते हुए भी आचार्य के सभी हाव-भाव से पूरी पूजा समझ लेते हैं। ऐसा अद्भुत नजारा बताया है कानपुर के आचार्य ओमहरि शर्मा ने, जो कि हाल ही में थाइलैंड के 103 साल पुराने व सबसे प्राचीन मंदिर के मुख्य पुजारी बनाए गए हैं। उन्होंने फोन के जरिए बताया कि वैसे तो 12 महीने यहां पूजा-पाठ का कार्यक्रम चलता रहता है, लेकिन सावन मास के चलते प्रतिदिन यहां रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।
सावन के पहले रविवार को जहां थाइलैंड की फिल्म स्टार नोंग निशा ने अपने प्रशंसकों के साथ वैदिक विधि से विष्णु मंदिर बैंकॉक में Sombat Sakulsak के माध्यम से अपनी फिल्म के सुपर हिट होने के लिए रुद्राभिषेक किया था। इस मौके पर आचार्य ओमहरि शर्मा ने अनुष्ठान कार्यक्रम सम्पन्न कराया था।

इस मौके पर मन्दिर के प्रधान विनोद सिंह भी मौजूद थे। वहीं सावन के पहले सोमवार को थाइलैंड के जाने-माने दवा व्यापारी थेवन तिवारी ने विष्णु मंदिर के प्रधान विनोद सिंह व कमेटी मेम्बर के साथ थाइलैंड के बैंकॉक में स्थित इस जाने-माने मंदिर में रुद्राभिषेक कराया। बता दें कि थेवन तिवारी वही व्यक्ति हैं, जिन्होंने कोरोना महामारी की त्रासदी के वक्त भारत से दवा खरीद कर पूरे थाइलैंड में मुफ्त में बंटवाई थी। आचार्य ओमहरि शर्मा ने बताया कि यहां प्रतिदिन रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

देखें मंदिर का इतिहास
आचार्य बताते हैं कि 103 साल पहले जब हिंदू समाज थाइलैंड रहने के लिए पहुंचे थे, तभी यह मंदिर अस्तित्व में आया था। उस समय यहां हिंदुओं का कोई मंदिर नहीं था। वर्तमान में उन्हीं परिवारों की चौथी-पांचवी पीढ़ी मंदिर की देख-रेख में जुटी हुई है। यहां हिंदू धर्म के हर जाति के लोग, जो सनातन को मानते हैं, सभी मंदिर में सेवा भाव के साथ लगे रहते हैं। इस मंदिर का पूरा नाम हिंदू धर्म सभा विष्णु मंदिर है।