स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज…यूपी के तमाम हिस्सों में लोगों ने घरों से उखाड़ कर फेंक दिया पॉवर हाउस में-Video

Share News

Smart Meters Protest: स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध तेज हो गया है. उत्तर प्रदेश के तमाम हिस्सों में लोगों ने इसे घरों से उखाड़ कर बाहर फेंक दिया है और बिजली विभाग के साथ ही सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन किया है. लोगों का दावा है कि स्मार्ट मीटर से लाखों का बिजली का बिल आ रहा है जबकि इतना खर्च भी नहीं किया जा रहा है.

एक मामले में एक शख्स ने दावा किया कि महीनों से घर बंद है फिर भी स्मार्ट मीटर धड़ल्ले से दौड़ रहा है और बिजली का बिल लाखों में आ रहा है.

आज भी उत्तर प्रदेश के तमाम हिस्सों से स्मार्ट मीटर के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया. फतेहपुर में खागा तहसील के रसूलपुर सानी पॉवर हाउस में ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर उतार कर फेंक दिए और आरोप लगाया कि वे सभी अधिक बिल आने से परेशान हैं. तो वहीं उरई में भी जोरदार प्रदर्शन किया गया. यहां आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया गया.

उरई के शहीद भगत सिंह चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और जिला विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा. जालौन में प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विनय चौरसिया ने किया और आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता से “खुली लूट” की जा रही है.

उन्होंने कहा कि पहले जो बिल ₹1500 आता था वही अब ₹6000-7000 तक पहुंच गया है. प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उन्होंने पूरी तरह से विफल बताया. उन्होंने कहा कि एडवांस भुगतान के बावजूद जनता परेशान हो रही है. इसी के साथ ही उन्होंने मांग की कि जनता और किसानों के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए.

ये भी पढ़ें-धर्म बड़ा है या संविधान…कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने दिया ये जवाब-Video