Twitter Lay Offs: एलन मस्क ने लिया बड़ा एक्शन, भारत में ट्विटर की पूरी टीम को निकाल किया बाहर, देश में थे करीब 250 कर्मचारी
नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (Twitter) के कर्ताधर्ता एलन मस्क ने शुक्रवार को बड़ा एक्शन लेते हुए बड़ी संख्या में कर्मतारियों की छंटनी कर दी है। भारत में करीब-करीब सभी कर्मचारियों को निकालकर बाहर कर दिया है। कंपनी के भारत में 250 कर्मचारी थे। इससे पहले कंपनी ने कर्मचारियों को एक मेल भेजकर कहा था कि शुक्रवार को छंटनी की जाएगी। इसके मुताबिक एलन मस्कं (Elon Musk) ने भारत में लगभग पूरा स्टाफ निकाल दिया। इस सम्बंध में सोशल मीडिया पर जमकर मस्क के खिलाफ मैसेज शेयर किए जा रहे हैं।
बता दें कि भारत में पहले से ही मस्क विरोध झेल रहे हैं। दरअसल जबसे मस्क के हाथों में ट्विटर की बागडोर आई है, तभी से मस्क कुछ न कुछ नया करने में जुटे हुए हैं। हाल ही में उन्होंने ट्विटर की ब्लू टिक के लिए 8 डॉलर प्रति महीने का चार्ज लेना शुरू कर दिया है। अर्थात जिसके पास ब्लू टिक है, उसे प्रति महीने करीब 1660 रुपए देना होगा। अर्थात 8 डॉलर देने होंगे। ऐसे में लोगों ने ये भी कहना शुरू कर दिया है कि उनको ब्लू टिक नहीं चाहिए। तो अब भारत के कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया है।
बता दें कि हाल ही में एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदा है। ट्विटर का मालिक बनते ही मस्क ने सबसे पहले कंपनी के भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) सहित चार बड़े अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इसके बाद माना जा रहा था कि ट्विटर में बड़े पैमाने पर छंटनी की जाएगी। ट्विटर की तरफ से कर्मचारियों को भेजे गए मेल में कहा गया था कि ट्विटर को एक हेल्दी रास्ते पर ले जाने के लिए हम शुक्रवार को ग्लोबल वर्कफोर्स को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे। मिंट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत में करीब-करीब पूरा स्टाफ हटा दिया गया है। पूरी क्यूरेशन टीम की छुट्टी कर दी गई है।
यह टीम ट्विटर मोमेंट्स फीचर के लिए कंटेंट तैयार करती थी। साथ ही कम्युनिकेशंस, ग्लोबल कंटेंट पार्टनरशिप्स, सेल्स और एड रेवेन्यू, इंजीनियरिंग और प्रॉडक्ट टीमों पर भी गाज गिरी है। मीडिया सूत्रों की मानें तो इन टीमों में पूरे या 50 फीसदी कर्मचारियों को निकाला गया है। ट्विटर से निकाले गए एक कर्मचारी ने कहा कि कॉन्ट्रैक्ट पर रखे गए कुछ कर्मचारियों को रिटेन रखा गया है। ये लोग कंपनी के फुल टाइम रोल पर नहीं थे। कंपनी की पब्लिक पॉलिसी टीम में रहे यश अग्रवाल ने ट्वीट किया, ‘अभी-अभी मुझे निकाल दिया गया है। मुझे इस टीम और इस कल्चर का हिस्सा बनने पर गर्व है। इस टीम और इस ऑर्गेनाइजेशन का हिस्सा बनना सम्मान की बात है।’ यह ट्विटर में फर्स्ट राउंड की छंटनी है। बता दें कि दिसंबर 2021 में पूरी दुनिया में ट्विटर के 7,500 कर्मचारी थे।
इससे पहले ट्विटर की तरफ से कर्मचारियों को एक मेल आया था। इसमें लिखा गया था कि ट्विटर को एक हेल्दी रास्ते पर ले जाने के लिए हम शुक्रवार को हमारी ग्लोबल वर्कफोर्स को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे। इससे ट्विटर के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कई कर्मचारी प्रभावित होंगे, लेकिन दुर्भाग्य से ट्विटर को सफलता के रास्ते पर ले जाने के लिए यह कदम आवश्यक है। मेल में आगे लिखा गया कि आप स्पैम फोल्डर सहित अपना मेल चेक करें। अगर आपकी नौकरी प्रभावित नहीं हुई है, तो आपको आपके ट्विटर ई-मेल के जरिए एक नोटिफिकेशन मिलेगा। अगर आपकी नौकरी प्रभावित हुई है, तो आपको अगले कदम के लिए आपके पर्सनल ई-मेल पर नोटिफिकेशन मिलेगा। अगर आपको twitter-hr@ से शुक्रवार को 5PM PST तक कोई मेल नहीं मिलता है, तो peoplequestions@twitter.com को मेल करें।’
इसी के साथ मेल में आगे लिखा गया है कि ‘ट्विटर सिस्टम्स, कस्टमर डाटा और प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए हमारा ऑफिस अस्थाई रूप से बंद रहेगा। साथ ही सभी बैज सस्पेंड कर दिये गए हैं। अगर आप किसी ऑफिस में हैं या ऑफिस के रास्ते में हैं, तो कृपया घर लौट जाएं। हमें पता है कि यह सभी के किए काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, चाहे आपकी नौकरी प्रभावित हो रही हो या नहीं।’ दुनिया के सबसे बड़े रईस मस्क ने ट्विवटर की खरीदने के लिए 44 अरब डॉलर की डील पिछले हफ्ते पूरी की। कंपनी का मालिक बनते ही वह एक्शन में आ गए थे और उन्होंने पूरे बोर्ड को भंग करते हुए कमान पूरी तरह अपने हाथ में ले ली थी। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि कंपनी में बड़े पैमाने पर छंटनी हो सकती है। (Photo credit social media)