Elizabeth II: महारानी एलीजाबेथ द्वितीय का सड़क से गुजरा ताबूत, लोग चीख-चीख कर रोए, भारत में आधा झुका रहा तिरंगा, किंग चार्ल्स तृतीय के आगमन पर जनता ने बजाई तालियां, देखें कई वीडियो, 19 सितम्बर को होगा अंतिम संस्कार
नई दिल्ली। यूनाइटेड किंगडम ऑफ ग्रेट ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (96) के निधन के बाद उनके अंतिम दर्शन के लिए उनकी प्यारी जनता सड़कों पर खड़ी रही। उनके ताबूत का काफिला जहां से भी गुजरा, वहां पहले से ही लोग इंतजार करते नजर आए और चीख-चीख कर रोते हुए भी दिखाई दिए। इस सम्बंध में सोशल मीडिया पर जमकर वीडियो वायरल हो रहे हैं।
रविवार को भारत में भी महारानी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया और इंडिया गेट पर देश का राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा। इसी के साथ भारतीय लोगों ने भी महारानी को श्रद्धांजलि दी। विदेशी मीडिया सूत्रों के मुताबिक महारानी का ताबूत रविवार को बाल्मोरल से एडिनबर्ग, स्कॉटलैंड तक छह घंटे की यात्रा करके स्कॉटलैंड की राजधानी में ब्रिटिश सम्राट के आधिकारिक निवास होलीरूडहाउस में पहुंचा। ताबूत मंगलवार को लंदन पहुंचेगा।
इसी दौरान एबरडीन के लोगों ने रानी को सम्मान देने के लिए सड़कों पर लाइन लगा दी क्योंकि उनका ताबूत ग्रेनाइट शहर से होकर गुजर रहा था। वायरल वीडियो में यहां लोगों के चीखने की आवाज भी सुनाई दे रही है। महारानी का राजकीय अंतिम संस्कार 19 सितंबर को लंदन के वेस्टमिंस्टर एब्बे में किया जाएगा। इस सम्बंध में शाही परिवार ने घोषणा की है। इससे पहले शनिवार को, किंग चार्ल्स III को आधिकारिक तौर पर नए सम्राट के रूप में घोषित किया गया था।
राजा बनने के बाद किंग चार्ल्स तृतीय बकिंघम पैलेस पहुंचे, तो दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। इस सम्बंध में भी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। विदेशी मीडिया के अनुसार राजा ने आज दोपहर बाद कई कार्यक्रमों से पहले गार्डन गेट से प्रवेश किया। वहीं ब्रिटिश सम्राट के अधिकारिक आवास से जानकारी दी गई कि महारानी का पार्थिव शरीर चार दिनों तक वेस्टमिंस्टर हॉल में राज्य में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
यहां देखें वीडियो