UP Basic Shiksha: परिषदीय स्कूल के बच्चों का आरोप, हाथ पर चलाई गई ड्रिल मशीन, वायरल हुआ वीडियो, इंचार्ज हेडमास्टर पर कार्रवाई, पैरैंट्स ने कहा स्कूल में बच्चों से कराई जाती है साफ-सफाई, देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बच्चा ये आरोप लगाते हुए दिख रहा है कि स्कूल में एक शख्स ने एक दूसरे बच्चे के हाथ में ड्रिल मशीन चला दी। इसके आगे कुछ और शख्स कर पाता कि इससे पहले दूसरे बच्चे ने तार हटा दिया।
यह वीडियो उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के प्रेमनगर मॉडल स्कूल का बताया जा रहा है। यह घटना 24 नवम्बर की बताई जा रही है, लेकिन इसके बारे में जानकारी 25 नवम्बर को सामने आ सकी है। जैसे ही इस सम्बंध में बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) सुरजीत सिंह स्कूल पहुंचे और बच्चों से पूछताछ की।
इस सम्बंध में बीएसए ने बताया कि स्कूल में पिछले कई सालों से एक एनजीओ कार्य कर रही है, जो कि बच्चों को सिलाई-कढ़ाई व टेक्नीकल शिक्षा देने का कार्य करती है। इस एनजीओ की नियुक्ति तत्कालीन बीएसए द्वारा की गई थी। गुरुवार को प्रधानाध्यापक अवकाश पर थे। इस पर इंचार्ज हेडमास्टर के तौर पर शिक्षिका मनोरमा के पास चार्ज था।
उनसे जब इसके बारे में पूछा गया कि स्कूल में ड्रिल मशीन कैसे आई तो उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में कुछ काम था। इसीलिए एनजीओ के सदस्य से ही काम करा रहीं थीं और वह ड्रिल मशीन लेकर आए थे। तो वहीं बच्चों से पूछने पर जानकारी मिली की ड्रिल मशीन वाले शख्स ने उसके हाथ पर भी मशीन चला दी थी। दूसरे बच्चे ने बताया कि जैसे ही उन्होंने ड्रिल मशीन हाथ में चलाई कि उसने बिजली का तार निकाल दिया था। तो वहीं शख्स का कहना है कि उसने ड्रिल मशीन नहीं चलाई बल्कि बच्चे ही खेलने लगे थे मशीन से। इसी वजह से उसके हाथ में चोट लग गई। बता दें कि बच्चे के हाथ पर ड्रिल मशीन चलने का काला निशान भी पड़ गया है।
फिलहाल बीएसए ने पूरे मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी को सौंप दी है। इसी के साथ बीएसए ने ये भी कहा है कि जब लाइब्रेरी में काम हो रहा था तो इंचार्ज हेडमास्टर को वहां बच्चों को नहीं जाने देना चाहिए था और इसका पूरा ख्याल रखना चाहिए था। इस तरह से उनकी लापरवाही सामने आई है। उन पर कार्रवाई की जाएगी। तो वहीं एनजीओ को भी स्कूल से हटाया जाएगा।
स्कूल में बच्चों से कराई जाती है साफ-सफाई
प्रेमनगर मॉडल स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के पैरेंट्स का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पैरेंट्स कहते हुए दिख रहे हैं कि उनके बच्चों से स्कूल में साफ-सफाई भी कराई जाती है। इसी के साथ स्कूल के पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने भी बच्चों को झाड़ू और वाइपर चलाते हुए देखा है। इस सम्बंध में बीएसए ने कहा कि इस सम्बंध में जांच कराकर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।