Inspire Award: नन्हें वैज्ञानिकों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका, भारत सरकार के इंस्पायर अवार्ड में लें हिस्सा और घूमें जापान, एक जुलाई से शुरू है आवेदन, मिलेगा 10 हजार, देखें पूरा आदेश
लखनऊ। विज्ञान को लेकर आपके अंदर रुचि है और आप किसी नई तकनीकी की खोज करने में माहिर हैं तो आपको अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शानदार मौका लेकर आ रही है भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड योजना। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लें और अपनी पहचान खुद बनाएं, क्योंकि जिसके भी आइडिया होंगे बेहतर सरकार उसको आगे बढ़ने में मदद करेगी।
कक्षा 6 से 10 तक सभी बोर्डों के विद्यार्थी लें हिस्सा
बता दें कि केंद्र सरकार के इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2022-23 (बेस्ट आईडिया कम्पीटीशन) नामांकन 1 जुलाई 22 से प्रारम्भ हो रहा है और इसकी अन्तिम तिथि 30 सितम्बर 2022 निर्धारित की गई है। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 10 तक अध्ययनरत समस्त बोर्ड के छात्र- छात्राओं द्वारा विज्ञान एवं तकनीकी में नवाचारी (इन्नोवेटिव) प्रस्ताव पोर्टल पर आनलाईन प्रेषित किए जाते हैं| स्कूलों के लिए पोर्टल 1 जुलाई से सक्रिय हो जाएगा प्रत्येक विद्यालय इंस्पायर अवार्ड मानक पोर्टल पर बनी अपनी स्कूल आईडी को लॉग इन करते हुए पात्र छात्र- छात्राओं के नामांकन करवा सकते हैं।

10 हजार मिलेगा मॉडल बनाने के लिए
राष्ट्रीय स्तर पर एक्सपर्ट्स द्वारा प्रस्तावों की समीक्षा के बाद छात्रों को रु 10,000 उनके बैंक अकाउंट में सीधे स्थानांतरित किया जाएगा। संबंधित छात्र-छात्रा प्राप्त धनराशि से अपना नवाचारी (इन्नोवेटिव) प्रोजेक्ट तैयार करेंगे और फिर उक्त प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी को जिला स्तर पर लगने वाली प्रदर्शनी में हिस्सा लेना होगा। विशेषज्ञों द्वारा उक्त प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए गए नवाचारी प्रोजेक्टस में से 10% का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। पुन: राज्य स्तर पर एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तर पर कुल प्रदर्शित इन्नोवेटिव प्रोजेक्टस में से 10% प्रोजेक्टस का चयन राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रदर्शनी के लिए किया जाता है जिन छात्र छात्राओं का मॉडल राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हो जाता है उनमें से चयनित कुछ विशिष्ट आईडिया के विजेताओं के बैंक खाते में पुन: ₹50000 की धनराशि भारत सरकार द्वारा भेजी जाती है ताकि विद्यार्थी आगे की तैयारी के लिए अपनी वैज्ञानिक खोज को और बेहतर बना सकें।

राष्ट्रपति भवन में लगेगी प्रदर्शनी
राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होने वाली प्रदर्शनी में कुल 60 प्रोजेक्टस का चयन किया जाता है तथा उन 60 प्रोजेक्टस की प्रदर्शनी राष्ट्रपति भवन में लगाई जाती है साथ ही 60 विद्यार्थियों के आइडियाज/ मॉडल्स का उनके नाम से पेटेंट किया जाता है तथा उन इन्नोवेटिव प्रोजेक्ट से प्राप्त होने वाली आय की रायल्टी छात्र छात्रा को दी जाती है वहीं 60 छात्र- छात्रा विज्ञान एवं तकनीकी में ज्ञान को उच्चीकृत करने के लिए जापान की 10 दिवसीय यात्रा पर निशुल्क भ्रमण के लिए जाते हैं। केंद्र सरकार के इंस्पायर अवार्ड मानक की हेड नमिता गुप्ता द्वारा सभी प्रदेशों के लिए पत्र जारी कर उपरोक्त सूचना दे दी गई है।

देखें क्या कहा डॉ दिनेश कुमार मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी षष्ठ मण्डल लखनऊ
पूरी योजना के बारे में बताते हुए डॉ दिनेश कुमार मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी षष्ठ मण्डल लखनऊ, ने कहा कि पोर्टल में छात्र छात्राओं के नामांकन करवाने वाले प्रत्येक माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल ये ध्यान दें कि इसमें जे सी बी जल संरक्षण से सम्बन्धित मॉडल की सिनोप्सिस न लोड करवाएं बल्कि सिनोप्सिस में कोई समाज उपयोगी कोई विज्ञान से सम्बन्धित बेस्ट आईडिया ही हों। इसी के साथ डाय दिनेश ने कहा कि भारत सरकार की ये बेस्ट आईडिया कॉम्पिटीशन सबसे सुगम है जिससे पात्र छात्र छात्राओं में वैज्ञानिक नवाचार विकसित करने के साथ- साथ उनको प्रत्येक स्टेज पर प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है और अधिक से अधिक बाल वैज्ञानिकों का उदय भी होता है।