UP News: इंस्टाग्राम पर रील बनाना मां और 15 साल की बेटी को पड़ा भारी, दोनों को काट डाला पति ने
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। यहां एक रिक्शा ड्राइवर ने अपनी पत्नी और 15 साल की बेटी को इसलिए मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि वे दोनों ग्लैमरस लुक में इंस्टाग्राम पर रील बनाती थीं। इस पर उसे शक था कि पत्नी का नोएडा में किसी के साथ अफेयर चल रहा है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है। तो वहीं पुलिस ने मीडिया को जानकारी दी कि रिक्शेवाले की पत्नी के ग्लैमरस लुक को लेकर पड़ोसी भी तरह-तरह के सवाल खड़े करते थे। इसी वजह से दोनों में रोज लड़ाई होती रहती थी। गुरुवार की रात को भी दोनों में विवाद हुआ। इसी के बाद उसने पत्नी और बेटी को फावड़े से काट डाला। फिलहाल आरोपी पति संजय पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद के नन्दग्राम इलाके में 30 सितम्बर को सद्दीकनगर में दोपहर करीब 12:30 बजे रेखा पाल (35 साल) और उसकी बेटी ताशु के शव घर में पड़े मिले थे। रेखा की लाश फर्स्ट फ्लोर पर व बेटी की लाश छत पर पड़ी थी। शुरुआत में तो उसने पुलिस को खूब इधर-उधर का पाठ पढ़ाया था लेकिन जैसी ही पुलिस ने सख्ती की तो उसने सच्चाई उगल दी। संजय पाल ने बताया कि रेखा से उसकी शादी करीब 20 साल पहले हुई थी।
पहले वह घर के नीचे की कन्फेक्शनरी की दुकान चलाता था, लेकिन कोरोना काल में दुकान बंद हो गई और इसके बाद घर चलाने के लिए ई-रिक्शा चलाने लगा। उसके दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी। एक घर में होने के बावजूद भी पति और पत्नी अलग-अलग रहते थे। संजय ने बताया कि पुश्तैनी घर में वह ग्राउंड फ्लोर पर रहता था और उसकी पत्नी बेटी के साथ फर्स्ट फ्लोर पर रहती थी।
पुलिस ने मीडिया को बताया कि जिस घर में वारदात हुई, वहां पर सिर्फ संजय और उसकी पत्नी व बेटा व बेटी रहते थे। पास के ही दूसरे मकान में उसके माता-पिता रहते थे। वारदात के वक्त उसका बेटा अपने दादा-दादी के घर गया था, जो कि कक्षा 12 में पढ़ता है। पुलिस ने बताया कि जैसे ही बेटा घर से गया, संजय को मौका मिल गया और उसने दोनो को मौत के घाट उतार दिया।