UP:अमृत महोत्सव के नाम पर सरकारी स्कूल में बच्चों से मांगे जा रहे हैं 15-15 रुपए, वीडियो हुआ वायरल, सपा ने भाजपा पर लगाया व्यवसायीकरण का आरोप, देखें वीडियो

August 6, 2022 by No Comments

Share News

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स माइक के जरिए बच्चों से अमृत महोत्सव के लिए 15-15 रुपए घर से लाकर स्कूल में जमा करने के लिए कहता हुआ दिखाई दे रहा है। तो वहीं छोटे-छोटे बच्चे लाइन में खड़े शख्स की बातें सुन रहे हैं।

इस दौरान शख्स बच्चे से कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि कौन-कौन 15 रुपए लाया है। इस पर करीब दो दर्जन बच्चों में केवल दो बच्चे ही हाथ खड़ा करते हैं। इसी के साथ शख्स बच्चों को ये भी बताता हुआ दिखाई दे रहा है कि यह 15-15 रुपए झंडे के लिए लेकर आने हैं। सरकार और मुख्यमंत्री का आदेश है, कि सभी लोग झंडे के लिए 15 रुपए लेकर आएंगे। शासनादेश है। प्रत्येक बच्चे को स्वतंत्रता दिवस पर 15-15 रुपए मां-बाप से लेकर आने हैं, लेकिन इसके लिए माता-पिता से लड़ना-झगड़ना नहीं है, अगर वो नहीं देते हैं तो।

फिलहाल यह वीडियो समाजवादी पार्टी मीडिया के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो को शेयरल करते हुए लिखा गया है कि, आजादी के अमृत महोत्सव का भी भाजपा सरकार में व्यवसायीकरण हो गया है, उत्तर प्रदेश (UP) के हाथरस के एक स्कूल में छोटे छोटे बच्चों से झंडे के नाम पर 15 रूपये वसूले जा रहे,कई जगह भाजपा कार्यालयों द्वारा भी झंडा बेचने की खबरें हैं, क्या यही आजादी का अमृतकाल है और यही आजादी का अमृत महोसव है ? शर्मनाक।

फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आ सकी है कि यह किस स्कूल का मामला है। फिलहाल यह मामला किसी प्राथमिक स्कूल का समझ में आ रहा है, जैसा कि वीडियो में दिखाई दे रहा है। फिलहाल तो यह जांच का विषय है। क्योंकि इस तरह का मामला अभी तक प्रदेश के किसी अन्य सरकारी स्कूल से सामने आया नहीं है। यह वीडियो सही है या किसी की शरारत यह शिक्षा विभाग को जांच करानी चाहिए।