Kanpur: RK मिशन स्कूल का मामला पहुंचा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास, शिक्षक MLC ने लिखा पत्र, कहा स्वामी विवेकानन्द जी ने की थी स्थापना, अब प्रबंधक स्कूल को बना रहे हैं कमाई का जरिया, पढ़ें पूरा लेटर
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के जाने-माने स्कूल रामकृष्ण मिशन उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय (आरके मिशन स्कूल) रामकृष्ण नगर को जबरन वित्तविहीन बनाए जाने का प्रयास करने पर प्रबंधक की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कर दी गई है। इसको लेकर शिक्षक एमएलसी राजबहादुर सिंह चंदेल कानपुर-उन्नाव खंड ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और स्कूल की हकीकत से अवगत कराया है।
हालांकि इससे पहले मेरठ एमएलसी श्रीचंद शर्मा भी इस स्कूल में चल रहे विवाद को लेकर मुख्यमंत्री को जानकारी दे चुके हैं। इसी के साथ शिक्षक नेता व भाजपा के क्षेत्रीय सहसंयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ शैलेंद्र द्विवेदी लगातार स्कूल के प्रबंधक के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं और शिकायत माध्यमिक शिक्षा मंत्री तक पहुंचा दी है।
बता दें कि हाल ही में शैलेंद्र द्विवेदी बड़ी संख्या में शिक्षकों के साथ स्कूल में पहुंचे थे और जमकर विरोध किया था। वहीं 28 अगस्त को राजबहादुर सिंह चंदेल ने भी पत्र लिखकर यहां की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि स्कूल की स्थापना स्वामी विवेकानन्द द्वारा उन बच्चों की शिक्षा के लिए की गई थी, जो आर्थिक रूप से कमजोर थे, लेकिन आज इस स्कूल का व्यवसायीकरण किया जा रहा है।
यह जिले का सबसे प्रतिष्ठित माध्यमिक विद्यालय है और प्रत्येक वर्ष इस स्कूल के बच्चे मेरिट में अपना स्थान बनाते हैं। यहां कुल 20 शिक्षक व कर्मचारी कार्यरत हैं। कृपया प्रबंधक द्वारा वापस की जा रही अनुदान राशि को वापस न लिया जाए। इसे एडेड विद्यालय ही रहने दिया जाए। बता दें कि इस स्कूल के प्रबंधक सरकार द्वारा दी जाने वाली अनुदान राशि को वापस करने पर तुले हुए हैं और स्कूल को प्राइवेट बनाना चाहते हैं व इसे सीबीएसई बोर्ड से सम्बद्ध करना चाहते हैं, जिसका विरोध पिछले कई महीनों से किया जा रहा है।
पढ़ें पूरा लेटर


