Job Fair In Lucknow: नवंबर में होगा दो दिवसीय रोजगार उत्सव का आयोजन, 100 से अधिक कम्पनियां लेगीं हिस्सा, पोर्टल के जरिए होगा रजिस्ट्रेशन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नवम्बर में दो दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। इस सम्बंध में अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश, सूक्ष्म, लघु मध्यम उद्यम विभाग उप्र शासन अमित मोहन की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन स्थिति उनके सभाकक्ष में बैठक की गयी, जिसमें आगामी माह नवम्बर में वृहद रोजगार उत्सव आयोजन की विस्तार से बिन्दुवार रूप रेखा तैयार की गयी।
बताया गया कि इस रोजगार उत्सव में देश की विभिन्न 100 से अधिक कम्पनियां हिस्सा लेंगी, जिसमें 7000 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की कार्य योजना बनायी गयी है। इसके लिए शीघ्र ही इसी माह के अन्त तक एक पोर्टल विकसित कर युवाओ से रजिस्ट्रेशन के लिए खोला जायेगा। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि शासन युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैय्या कराने के लिये तेजी से कार्य कर रही है। यह रोजगार मेला इस दिशा में एक अच्छी उपलब्धि के साथ अपने उद्देश्य को पूरा करेगा।
बैठक में अवनीश सिंह विधायक हरदोई, प्रांजल यादव सचिव सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग उप्र शासन, आन्द्रा वामसी मिशन निदेशक उप्र कौशल विकास मिशन, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन उप्र कानपुर, जिला अधिकारी लखनऊ, मुख्य विकास अधिकारी लखनऊ, विशेष सचिव सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग/कौशल विकास विभाग/आईटी एवं इलेक्ट्रानिक विभाग, संयुक्त निदेशक सूचना उत्तर प्रदेश लखनऊ, उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्रधिकरण लखनऊ, उप निदेशक, लखनऊ, उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र, लखनऊ के साथ विचार विमर्श कर कार्य योजना को मूर्तरूप दिया। फिलहाल अभी नवम्बर की तारीखें तय नहीं की गई हैं।