UP News: वकील ने जड़ा दरोगा को थप्पड़, वायरल हुआ वीडियो, कोर्ट रुम में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बुलंदशहर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक शख्स ने खाकी वर्दी को थप्पड़ जड़ा। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का बताया जा रहा है। जानकारी सामने आई है कि जिला न्यायालय में कोर्ट रूम में एक वकील ने सबके सामने दरोगा को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वकील दरोगा से गाली गलौज भी करने लगा। करीब 1 घंटे तक वकील का हाई वोल्टेज ड्रामा चला और लोग वकील को समझाने में लगे रहे।
घटना सोमवार की बताई जा रही है, जबकि वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस कप्तान फिलहाल मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान कोर्ट रूम में दरोगा और वकील के बीच में गाली गलौच और हाथापाई हुई।
अरनिया थाने में तैनात पीड़ित दरोगा प्रमोद कुमार के साथ ये घटना हुई है। वहीं आरोपी वकील आकाश भारद्वाज डिस्ट्रिक बार से ताल्लुक रखते हैं। अब घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। मामला बुलंदशहर जिला न्यायालय परिसर स्थित कोर्ट रूम का बताया जा रहा है। इस घटना पर बुलंदशहर के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसपी सिटी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। (Image Source SOCIAL MEDIA)
यहां देखें वीडियो