AKTU:सम सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होंगे एक लाख 70 हजार परीक्षार्थी, उड़ाका दल के साथ ही “तीसरी आंख” का भी रहेगा पहरा
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में सत्र 2021-22 की सम सेमेस्टर स्नातक एवं परास्नातक के रेगुलर एवं कैरीओवर के द्वितीय चरण के पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर और बीटेक व बीफार्मा के द्वितीय वर्ष के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 29 जुलाई से 22 अगस्त के बीच आयोजित होने जा रही है।
परीक्षा नियंत्रक डा अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस बार की परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 123 केंद्रों का निर्धारण किया गया है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 1 लाख 70 हजार परीक्षार्थी बैठेंगे। परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों पर नजर रखने के लिए उड़ाका दल का भी गठन किया गया है। इसी के साथ “बतौर तीसरी” आंख ऑब्जर्वर और सीसीटीवी कैमरों की भी नजर हर एक विद्यार्थी पर रहेगी।
ऑब्जर्वर भी रखेंगे नजर
कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र के निर्देश पर परीक्षा की सुचिता को बनाये रखने के लिए हर केंद्र पर दो-दो आब्जर्वर की तैनाती की गयी है। परीक्षा के दौरान आब्जर्वर केंद्र पर कड़ी नजर रखेंगे। विश्वविद्यालय में परीक्षा के लेकर तैयारियां तेज कर दी गयी है। वहीं परीक्षार्थियों पर नजर रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। जिनसे विश्वविद्यालय से ही परीक्षा पर नजर रखी जाएगी।