Siddharthnagar: ‘खोद के गाड़ दूंगा…बुढ़ौती में ठंडा हो जाएगा दिमाग…”, दुर्गा पूजा पंडाल लगाने को लेकर पुलिस अधिकारी ने बुजुर्ग से किया अभद्र व्यवहार, दी धमकी, वायरल हुआ वीडियो

October 11, 2023 by No Comments

Share News

Siddharthnagar: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए दिखाई दे रहे हैं और धमकी देते हुए कह रहे हैं “खोद के गाड़ दूंगा, बुढ़ौती में दिमाग ठंडा कर दूंगा, ज्यादा हवा में न उड़ो, हिरण बना दूंगा…भगवान के नाम पर नौटंकी होगी क्या. बुढ़ौती में दिमाग उतना ही खराब करो जितना अच्छा लगे. जितना आदेश दिया है उतना ही आदेश होगा. उससे ज्यादा जो नौटंकी करेगी उसे खोद के गाड़ दूंगा. हवा में न रहा करो. इनको 5 लाख रुपए में पाबंद करो और दफा 122 लगा दो. दिमाग ठंडा हो जाएगा. हद से बाहर नहीं. कई पुस्त सुधर जाएगी. घर खुदवा दूंगा.”

यह वीडियो उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से सामने आया है. बताया जा रहा है कि, दुर्गा पूजा पंडाल लगाने को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बुजुर्ग को इस तरह फटकारा कि सोशल मीडिया से लेकर हर जगह यूपी पुलिस की आलोचना हो रही है. घटना सिद्धार्थनगर के पथरा थानाक्षेत्र के टिगोड़वा चौराहे की बताई जा रही है. सीओ डुमरियागंज सुजीत कुमार राय और स्थानीय लोगों में दुर्गा पूजा पंडाल को लेकर कहासुनी हो गई. इसी के बाद ये वीडियो सामने आया है.

पूरे मामले को लेकर एक ग्रामीण ने मीडिया को बताया कि, 30 साल से यहां पर दुर्गा पूजा होती आई है और पंडाल लगाया जाता रहा है. हर साल की तरह इस बार भी स्थानीय लोग नवरात्र में दुर्गा पूजा पंडाल को लेकर तैयारी कर रहे थे. जमीन बंजर (ग्राम समाज) में दर्ज है. ग्रामीणों का आरोप है कि, इस बार ग्राम प्रधान पंडाल नहीं बनवाने देना चाहते हैं. इसको लेकर बस्ती में कमिश्नर कोर्ट में मुकदमा चल रहा है. इस बार एसडीएम प्रमोद कुमार दूसरी जगह पर पंडाल को स्थापित करने की बात कह रहे हैं. इसी के साथ कार्यक्रम आयोजकों और पंडाल समिति ने मीडिया को बताया कि, अगर कहीं और पंडाल लगाएंगे तो जिसकी जमीन या घर होगा, वो आपत्ति करेगा. इसी वजह से पुरानी जगह पर ही पंडाल स्थापित करने लगे तो एसडीएम प्रमोद कुमार व डुमरियागंज सर्कल के सीओ सुजीत कुमार मौके पर आ धमके और फोर्स के साथ पहुंचकर पांडाल लगाने से रोकने लगे. इस पर एक बुजुर्ग ने पुलिस अधिकारी को समझाते हुए कहा कि, 10-15 दिन की ही तो बात है, माता जी की मूर्ति स्थापित कर लेने दीजिए. इस पर सीओ साहब बिगड़ पड़े और बुजुर्ग की उम्र देखे बिना ही उनको हड़काने लगे. हालांकि वायरल वीडियो के बारे में पूछने पर सीओ ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है. यह खबर वायरल वीडियो के आधार पर लिखी गई है, खबर स्टिंग इसकी पुष्टि नहीं करता. यह वीडियो 9 अक्टूबर का बताया जा रहा है.

यहां देखें वीडियो