UP News: सब इंस्पेक्टर ने जमकर दी ब्राह्मण, बनिया और ठाकुरों को भद्दी-भद्दी गालियां, वायरल हुआ ऑडियो, (चेतावनी-ऑडियो में अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है)
सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर ब्राह्मणों के साथ ही बनिया और ठाकुर बिरादरी को भी जमकर भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं। यह ऑडियो उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के मडावरा तहसील में तैनात सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार दोहरे का बताया जा रहा है, जिनको पुलिस अधीक्षक ने सस्पेंड कर दिया है। इसी के साथ मामले की जांच पुलिस सर्किल ऑफिसर (DSP) मडावरा को सौंपी गई है।
तो दूसरी ओर वायरल ऑडियो के खिलाफ जमकर सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है। इसी के साथ ये सवाल भी उठाए जा रहे हैं कि इस तरह के सरकारी पद पर आसीन रहने वाले अधिकारी के अंदर जब जात-पात को लेकर भेदभाव होगा, तो फिर वह न्याय कैसे करते होंगे। इस खबर को वायरल ऑडियो के तहत लिखा गया है। इसको लेकर खबर स्टिंग कोई पुष्टि नहीं करता। बता दें कि इस ऑडियो में सब इंस्पेक्टर ने खुद को SC समुदाय का बताया है और फिर इसके बाद जमकर ब्राह्मण, ठाकुर और बनिया को गालियां दी हैं। इसी के साथ दूसरी तरफ वाले व्यक्ति का नाम ‘रजक’ बताते हुए कहा है कि हम लोग तो एक हैं न। तो उसने भी सब इंस्पेक्टर की हां में हां मिला दी।
फिलहाल इस वायरल ऑडियो पर ललितपुर पुलिस के अधिकारिक ट्विटर हैंडल से जानकारी दी गई है कि प्रकरण को संज्ञान में लेकर उक्त उ0नि0 को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया एवं क्षेत्राधिकारी मड़ावरा को जांच करने हेतु निर्देशित किया गया ।