Noida:महिला को गाली देने वाले भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी को लाया गया कमिश्नर ऑफिस, गाड़ी में चिपका विधायक का स्टिकर, गैंगेस्टर के तहत जांच जारी, जानें क्या कहा पुलिस कमिश्नर नोएडा ने, देखें वीडियो
नोएडा। नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स सिटी में बीते शुक्रवार को एक महिला को गाली देने व धक्कामुक्की करने के आरोप में फरार भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी को कमिश्नर ऑफिस लाया गया है। त्यागी को मंगलवार की सुबह ही नोएडा पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया था। घटना वाले दिन से ही त्यागी फरार चल रहा था।
मंगलवार को कमिश्नर ऑफिस लाए जाने के बाद नोएडा सीपी ने प्रेस कांफ्रेंस की और जानकारी दी कि श्रीकांत त्यागी के एक वाहन पर ‘विधायक’ का स्टिकर है। इसके बारे में जब त्यागी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह स्टिकर उन्हें उनके पुराने राजनीतिक सहयोगी स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया था।
इस पर नोएडा सीपी (कमिश्नर ऑफ पुलिस) आलोक सिंह ने बताया कि फिलहाल हम इस जानकारी की पुष्टि कर रहे हैं। इसी के साथ त्यागी ने ये भी जानकारी दी कि उनके ड्राइवर ने कार की नंबर प्लेट पर यूपी सरकार का चिन्ह पेंट कर दिया था। फिलहाल इन सब मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत जांच जारी है।
इसी के साथ उन्होंने बताया कि हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में श्रीकांत त्यागी को नोएडा के सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स में एक महिला के साथ मारपीट और गाली देते हुए देखा गया था और तब से वह फरार था। सीपी ने बताया कि 5 तारीख की घटना पर पुलिस ने केस दर्ज़ कर वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति ( श्रीकांत त्यागी) की तलाश शुरू की थी और उसे मेरठ से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी बचने के लिए उत्तर प्रदेश की सीमाओं से बाहर गया, लेकिन हमारी टीम लगातार उसका पीछा करती रही। आज मेरठ के पास से हमारी टीम ने उसे गिरफ़्तार कर लिया गया था। (फोटो एएनआई से ली गई है। श्रीकांत त्यागी (लाल घेरे में))