DIG को देखते ही दौड़ पड़ी गैंगरेप पीड़िता, नहीं रोक पाया भारी पुलिस बल…रो-रो कर कहा- “नहीं हो रही आरोपियों की गिरफ्तारी”-Video

November 14, 2025 by No Comments

Share News

Bulandshahr: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक लड़की खुद को महिला पुलिस के चंगुल से छुड़ाकर भागती हुई दिख रही है और भारी पुलिस बल भी उसे नहीं पकड़ पाता. दरअसल यह लड़की कोई और नहीं बल्कि गैंगरेप पीड़िता है जो DIG कलानिधि नैथानी को देखते ही उनसे मिलने के लिए दौड़ पड़ती है और वह लड़की डीआईजी तक न पहुंच जाए इसके लिए महिला पुलिस उसे रोकने की कोशिश करती हैं लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रहती है और वह डीआजी से मिलकर रो-रो कर बताती है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है.

मामला उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सामने आया है. दरअसल डीआईजी से मिलने के लिए पीड़िता और उसका परिवार कोतवाली के बाहर गया था और जैसे ही पीड़िता ने डीआईजी को देखा उनसे मिलने के लिए सड़क पर दौड़ लगा दी. हालांकि बाद में डीआईजी से मिलकर पीड़िता ने खुर्जा पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है और आरोपी उसके भाई को मारने की धमकी देते हैं. पीड़िता ने आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की. इस पर डीआईजी ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने का भरोसा दिलाया है. तो वहीं लापरवाही बरतने पर थाना खुर्जानगर प्रभारी निरीक्षक खुर्जा को लाइन हाजिर कर दिया गया है.

जानें क्या है मामला?

गौरतलब है कि बीते दिनों खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में 6 दरिंदों ने मिलकर युवती के साथ गैंगरेप किया था.​ इनमें से पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेज चुकी है लेकिन अभी भी दो आरोपी फरार बताये जा रहे हैं. आरोप है कि फरार दोनों आरोपी पीड़िता और उसके घरवालों को परेशान कर रहे हैं और केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं. इसी की शिकायत करने के लिए पीड़िता डीआईजी से मिलना चाह रही थी लेकिन पुलिस उसे डीआईजी से मिलने से रोक रही थी लेकिन पीड़िता ने जैसे ही डीआईजी को देखा इतनी तेज दौड़ी कि भारी पुलिस बल भी कुछ नहीं कर सका. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डीआईजी के सामने गैंगरेप पीड़िता गिड़गिड़ाते हुए वीडियो में दिखाई दे रही है. यह पूरा मामला थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है.

हालांकि इस पूरे मामले को जानने के बाद डीआईजी ने आरोपियों को जेल भेजने का भरोसा दिया है लेकिन देखना ये है कि पीड़िता को कितने दिनों में न्याय मिलता है.

ये भी पढ़ें-अधेड़ ने बगल में बैठी लड़की के साथ की गंदी हरकत…फिर बस में ही पड़े थप्पड़ ही थप्पड़; आप भी रहें सतर्क-Video