Uttar Pradesh Day-2026: स्टार्टअप शोकेस में एकेटीयू के कलाम इनक्यूबेशन सेंटर ने लिया हिस्सा

January 25, 2026 by No Comments

Share News

Uttar Pradesh Day-2026: उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के मौके पर 24 से 26 जनवरी तक राष्‍ट्र प्रेरणा स्‍थल, लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत स्टार्टअप शोकेस का आयोजन हो रहा है जिसमें डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कलाम इनक्यूबेशन सेंटर ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया.

बता दें कि कार्यक्रम में गृह मंत्री भारत अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे. कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता एवं तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है.

कुलपति, एकेटीयू प्रो. जेपी पांडेय के नेतृत्व में एवं डॉ. अनुज कुमार शर्मा, निदेशक, कलाम इनक्यूबेशन सेंटर, एकेटीयू तथा प्रो. राजीव कुमार, निदेशक, कलाम इनक्यूबेशन सेंटर, एकेटीयू के मार्गदर्शन में, कलाम इनक्यूबेशन सेंटर, एकेटीयू ने उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग (UPLC) के पवेलियन में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।

इस दौरान कलाम इनक्यूबेशन सेंटर द्वारा 3D रैपिड प्रोटोटाइपिंग सेटअप का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से नवाचार को व्यावहारिक एवं बाजार-उन्मुख समाधान में परिवर्तित करने की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया।

साथ ही विश्वविद्यालय के तीन इनक्यूबेटेड स्टार्टअप्स—फ्यूचर गुरुकुल्स प्राइवेट लिमिटेड (STEM शिक्षा), सेयोन हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड (हेल्थकेयर समाधान) तथा एनटीएक्स सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड (प्रोटोटाइपिंग एवं एडवांस्ड इंजीनियरिंग)—ने अपने नवाचारों का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान यूपीएलसी के प्रबंध निदेशक रवि रंजन ने पवेलियन का भ्रमण कर स्टार्टअप्स से संवाद किया तथा उनके कार्य, प्रगति एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टार्टअप्स का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर कलाम इनक्यूबेशन सेंटर, एकेटीयू के असिस्टेंट इनक्यूबेशन मैनेजर अनुराग त्रिपाठी ने सभी सहभागी स्टार्टअप्स के साथ सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई तथा उनके नवाचारों के प्रदर्शन, समन्वय एवं प्रस्तुतिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन, निदेशक, कलाम इनक्यूबेशन सेंटर के अधिकारी एवं स्टार्टअप प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह सहभागिता एकेटीयू की उस सतत पहल को दर्शाती है, जिसके माध्यम से छात्र एवं तकनीक-आधारित स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित कर उद्योग–अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ किया जा रहा है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अंतर्गत आयोजित यह स्टार्टअप शोकेस प्रदेश को नवाचार एवं उद्यमिता का उभरता हुआ केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है.

ये भी पढ़ें-क्या वाकई महिलाओं पर सवार हो जाते हैं भूत…? कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के पंडाल से आया चौंका देने वाला Video