‘आदर्श विवाह’ से दिया गया दहेज मुक्त समाज का संदेश…51 बटुकों का यज्ञोपवीत

March 7, 2026 by No Comments

Share News

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में किदवई नगर स्थित श्री संकट मोचन विजय हनुमान एवं श्री दुर्गा मंदिर समिति (निकट रतनलाल शर्मा स्टेडियम, एन ब्लॉक, साइट नंबर वन कॉलोनी) के प्रांगण में सनातन संस्कारों और सामाजिक सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला.

हनुमत गुरुकुल आश्रम के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में 51 बटुकों का उपनयन संस्कार (यज्ञोपवीत) और दो कन्याओं का पूर्णतः ‘दहेज रहित’ आदर्श विवाह सुयोग्य आचार्यों के सानिध्य में हर्षोल्लास के साथ 20 फरवरी 2026 को संपन्न हुआ.

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को ‘दहेज रहित विवाह’ के प्रति जागरूक करना था. सनातन वैवाहिक बंधन (पंजीकृत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान के मार्गदर्शन में यह संदेश दिया गया कि सादगीपूर्ण और कुरीति मुक्त विवाह ही वास्तविक सनातन परंपरा है. बिना किसी दिखावे और बिना दान-दहेज के मर्यादा के साथ दोनों कन्याओं का पाणिग्रहण संस्कार वैदिक रीति से कराया गया.

महिला मंडल अध्यक्ष नीलम चौहान और महामंत्री रेनू शुक्ला के नेतृत्व में बहनों ने बारातियों का द्वारचार, पुष्प वर्षा और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया और मंगल गीतों से बारात का स्वागत किया. साथ ही उत्साहपूर्ण नृत्य के बीच तिलक और भवँरा (फेरों) की रस्में संपन्न हुईं. महिला मंडल की ओर से सोनी मुकुंद गुप्ता, मधु मिश्रा, शालिनी अवस्थी, शालिनी गुप्ता और अन्य सदस्यों ने नव-दंपतियों को उपहार स्वरूप साड़ियाँ, बर्तन, वस्त्र और नकद मुद्राएं आदि भेंट कर आशीर्वाद दिया.

आचार्य मंडल में पंडित विमल शास्त्री, आचार्य अरुण तिवारी (प्राचार्य, कलू मल संस्कृत महाविद्यालय), पंडित गंगाराम, पंडित दीपक, पंडित ज्ञानेंद्र मिश्रा और पंडित मुकेश द्विवेदी ने विधि-विधान से बटुकों को संस्कारित किया. वेद मंत्रों की गूँज से किदवई नगर का पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.

आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक डॉ. सुषमा सिंह, अनूप तिवारी और आचार्य मुकेश द्विवेदी के साथ राजकुमार सिंह, मुकुंद गुप्ता, विशाल त्रिपाठी, अमित राठौर, पुनीत, मयंक गुप्ता और अमित मिश्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई. रानी गुप्ता, अर्चना राठौर, कंचन सक्सेना, संतोषी गुप्ता, बीना त्रिपाठी विनीता ओमकार, अपर्णा, अंजू द्विवेदी, लक्ष्मी द्विवेदी, पिंकी तिवारी, सुषमा सिंह, मंजू पाल, आशा सिंह, सीमा त्रिपाठी, मनीषा मिश्रा और रंजना अवस्थी सहित दर्जनों महिला सदस्यों ने पुनीत कार्य में सहयोग किया.

ये भी पढ़ें-चार साल के बच्चे ने डाल दिया रंग…गुस्से से बौखलाई दादी ने उड़ेल दिया खौलता पानी; दिल दहला देने वाला Video वायरल