बालिका विद्यालय को मिली ये मदद…छात्राओं के खिले चेहरे
Lucknow: धर्मार्थी और शिक्षार्थी सदैव समाज के सक्षम, उदार और गणमान्यों की सहायता से अपने लक्ष्य तक पहुंचे हैं, यह विद्यालय में मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बालिका विद्यालय मोती नगर की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने कहा। डॉ मिश्र ने कहा कि प्रत्येक तीर्थ स्थलों पर बने सराय और धर्मशालाएं तथा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय जैसे देश के अनेक शैक्षणिक संस्थान इसके जीते जागते उदहारण हैं।
न जाने कितने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समाज के सक्षम लोगों ने अपना नाम उजागर न करने की शर्त पर आगे बढ़ने और राष्ट्र की मुख्य धारा से जुड़कर अपना अवदान देने योग्य बनाया है। एक लम्बे समय से श्री कनक बिहारी सेवा ट्रस्ट ने बालिकाओं और बालिका विद्यालयों की आवश्यकताओं को समझते हुए आगे बढ़कर मदद की है और मूलभूत संसाधनों की उपलब्धता के लिये आगे बढ़कर काम किया है।
इसी क्रम में बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर, लखनऊ में आज श्री कनक बिहारी सेवा ट्रस्ट, श्री कनक बिहारी चौक, लखनऊ द्वारा मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन हुआ और ठण्ड से बचते हुए सुचारु रूप से शिक्षा ग्रहण करने के लिए छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने ट्रस्ट की मंत्री कंचन अग्रवाल और सदस्यों यश अग्रवाल और हर्षिता अग्रवाल का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया।
यश अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति नाम ही बताता है कि बालिकाओं और स्त्रियों को और अधिक स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर होना है। उन्होंने छात्राओं को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं और उनसे होने वाले लाभों के विषय में विस्तार से समझाया और छात्राओं को प्रेरित किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं तथा समाज की अन्य बालिकाओं एवं महिलाओं को भी इन सबसे अवगत कराएं।
इसके पश्चात ट्रस्ट की ओर से इक्कीस छात्राएं जो विद्यालय में नियमित, मेधावी और अनुशासित रही हैं, को वरिष्ठ शिक्षिकाओं पूनम यादव और मंजुला यादव के सहयोग से विद्यालय यूनिफॉर्म के स्वेटर वितरित किए गए। स्वेटर पाकर छात्राओं के चेहरे खिल गए। श्री कनक बिहारी सेवा ट्रस्ट सदैव छात्राओं और विद्यालय हित में सक्रिय रहता है जिससे छात्राएं निर्बाध गति से आगे बढ़ती रहें। कार्यक्रम के आयोजन के समय उमा रानी यादव, उत्तरा सिंह, अनीता श्रीवास्तव, माधवी सिंह, रागिनी यादव, मीनाक्षी गौतम, प्रतिभा रानी उपस्थित रहीं और सभी ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़ें-प्रेमानंद महाराज के साथ मंदिर में हुआ ये कैसा व्यवहार…? सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस-Video