Lucknow: बिहार की बस में लगी भीषण आग…कूद कर भागे ड्राइवर-कंडक्टर; जिंदा जल गए 5 लोग, यात्रियों ने बताई कैसे हुई घटना-Video

Share News

Bihar Bus Accident in Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में आग लगने से पांच लोग जिंदा जल गए हैं. घटनास्थल का मंजर जिसने भी देखा, उसको रोंगटे खड़े हो गए. गुरुवार सुबह पांच बजे हादसा उस वक्त हुए जब बस आउटर रिंग रोड (किसान पथ) पर मोहनलालगंज के पास पहुंची. बस बिहार से दिल्ली जा रही थी.

आग लगने के वक्त सभी यात्री सो रहे थे और जैसे ही आग लगी ड्राइवर और कंडक्टर कूद कर भाग गए और यात्रियों को जगाया भी नहीं. बचे यात्रियों का कहना है कि अगर ड्राइवर ने सभी को जगा दिया होता तो किसी की मौत नहीं होती. चश्मदीद यात्रियों ने बताया कि जब बस में धुआं भर गया तब उनको मालूम हुआ और फिर आगे के यात्री जल्दी से कूद कर नीचे उतर गए लेकिन पीछे वाले फंस गए. घटना का संज्ञान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लिया है.

शार्ट सर्किट से लगी आग

घटना को लेकर पुलिस की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि 15.5.2025 को बेगूसराय बिहार से दिल्ली की तरफ जा रही एक प्राइवेट sleeper बस UP17 AT 6372 में किसान पथ पर लखनऊ- रायबरेली रोड, मोहनलालगंज के ऊपर short-circuit से आग लग गई. ड्राइवर और कंडक्टर तुरंत मौके से फरार हो गए हैं. बस में बैठे यात्री को पुलिस और पब्लिक की मदद से बस की कांच को तोड़कर जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। बस में बैठे यात्री से पूछने पर पता चला की बस में करीब 80 यात्री बैठे हुए थे. मौके पर फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस पहुंची और आग पर काबू पाया तो 5 डेड बॉडी मिली है। हालांकि अन्य कोई घायल नहीं है। मौके पर डीसीपी व अन्य अधिकारियों के द्वारा घटना स्थल का निरक्षण किया जा रहा है मृतक में दो बच्चे भी शामिल हैं.

इनकी हुई मौत

1.लख्खी देवी पत्नी अशोक महतो उम्र करीब 55 साल
2.सोनी पुत्री अशोक महतो उम्र करीब 26 वर्ष
3.देवराज पुत्र रामलाल उम्र करीब 3 वर्ष
4.साक्षी कुमारी पुत्री रामलाल उम्र करीब 2 वर्ष
5.मधुसूदन कुमार (19)

बता दें कि देवराज और साक्षी भाई बहन हैं. घटना के बाद परिवार वालों को सूचना मिलते ही बिहार में कोहराम मच गया है.

यात्रियों ने दी घटना की पूरी जानकारी

अनुज सिंह नाम के एक यात्री ने बताया कि बस में जब आग लगी तब सभी यात्री सो रहे थे. शोर होने पर जब मेरी आंख खुली तो देखा पूरी बस में धुआं भर चुका था. बस में देखते ही देखते भगदड़ मच गई और चंद मिनट में ही आग ने विकराल रूप ले लिया. मैने तुरंत अपनी पत्नी को जगाया और फिर जैसे ही बस से उतरने लगे तो चालक के पास लगी अतिरिक्त सीट में फंसकर गिर गए. किसी तरह से उठकर भी निकले और जल्दी से भागे. आगे के लोग तो जैसे-तैसे निकल आए लेकिन पीछे के लोग फंस गए.

एक अन्य यात्री रवि कुमार ने बताया कि गियर में स्पार्क होने के बाद वहीं से आग लगनी शुरू हुई. घटना सुबह करीब 4-5 बजे हुई. स्पार्क होते ही ड्राइवर बिना यात्रियों को बताए ही कूद कर भाग गया. आगे के यात्री तो निकल गए लेकिन पीछे के यात्री फंस गए.

वहीं तार चंद नाम के यात्री ने बताया कि ड्राइवर-कंडक्टर ने किसी को आवाज नहीं दी. उन्होंने कहा कि अगर समय रहते ड्राइवर हम सभी को बता देता तो किसी की मौत नहीं होती. हमारी मांग है कि दोनों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो और उनको कड़ी सजा दी जाए. उनकी लापरवाही के कारण ही आग लगी और पांच लोगों की मौत हुई है. उन्होने ये भी बताया कि बस में करीब 120 लोग बैठे थे. हालांकि पुलिस की ओर से जारी बयान में 80 यात्री बताए गए हैं.

गनीमत रही जो नहीं फटे सिलेंडर

बता दें कि आग लगने की सूचना पुलिस को मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और साथ ही दमकल कर्मी भी पहुंचे. फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा सकी और तब तक बस जलकर राख हो चुकी थी. बस में पांच-पांच किलो के सात गैस सिलेंडर भी रखे थे. गनीमत रही कि कोई भी सिलेंडर नहीं फटा वर्ना और बड़ा हादसा हो सकता था. बताया जा रहा है कि बस में बिहार से मजदूर अपने परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे.

ये भी पढ़ें-दो साल की उम्र में तेजाब से हमला और खो दी दोनों आंखें…अब CBSE में किया टॉप; बनना है IAS-Video