Lucknow: जर्जर विद्यालयों को तुरंत ध्वस्त करने के निर्देश…गढ्ढामुक्त होंगी सड़कें

October 29, 2025 by No Comments

Share News

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरकार की मंशानुरूप विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई. जूम बैठक के माध्यम से हुई बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राधेश्याम, मंडल की समस्त जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी,सयुक्त विकास आयुक्त केके सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों ने हिस्सा लिया.

विभागीय अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि सरकार के माध्यम से विकास से संबंधित एवं जन सामान्य को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं ताकि समाज के अंतिम छोर के व्यक्तियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने विभागीय कार्यक्रमों में अपनी-अपनी विभाग की कार्य योजना के तहत अपने सभी विकास कार्य पूर्ण करने की कार्रवाई प्राथमिकता पर एवं बिना शिथिलता के सुनिश्चित करें, ताकि सरकार के इन विकास कार्यक्रमों का जनसामान्य को अधिक से अधिक सीधा लाभ प्राप्त हो सके।

IGRS प्रकरणों की समीक्षा

सर्वप्रथम मंडलायुक्त ने IGRS संदर्भ के तहत ऑनलाइन प्राप्त होने वाले प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि IGRS प्रकरणों के सभी निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो। वह आगे बोले कि IGRs प्रकरणों के सम्बंध में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नही किया जाएगा। IGRS के प्रकरणों में यदि कोई भी अनियमितता पाई जाती है तो कार्यवाही निश्चित है। कोई भी प्रकरण समय सीमा के बाहर नहीं जाना चाहिए साथ ही प्रकरणों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं को कॉल करके उनका फीडबैक लेते रहे।

इन योजनाओं पर की समीक्षा

समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, कायाकल्प योजना , मध्यान भोजन , कन्या विवाह योजना, स्वरोजगार योजना ,कृषक दुर्घटना,किसान सम्मान निधि, कुसुम योजना, ऊर्जा, कन्या सुमंगला योजना आदि विभिन्न योजनाओं की गहनता पूर्वक समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विभागो की ग्रेडिंग व प्रगति खराब है उसमें सुधार करें। उन्होंने आगे कहा कि शासन के प्राथमिकता वाले योजनाओं में विशेष ध्यान दिया जाये।

वह आगे बोले कि ग्राम पंचायत में धनराशि का व्यय नियमित रूप से कराते रहे। जिससे भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत का सामना न करना पड़े साथ ही ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के रिक्त पदों पर नियुक्ति करा लिया जाए। जिससे ग्राम पंचायत के कार्य सुचारू रूप से चलते रहें।

जर्जर विद्यालयों का कराएं ध्वस्तीकरण

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि तकनीकी समिति द्वारा सत्यापित जर्जर विद्यालयों का ध्वस्तीकरण तत्काल कराया जाए, इसमें किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि लखनऊ में गड्ढा मुक्त की प्रगति रिपोर्ट 80% है।

मंडलायुक्त ने आगे कहा कि महत्वपूर्ण सड़कों व हाईवे का सर्वे कराकर गड्ढा मुक्त कराया जाए। जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटित होने पाए। हाईवे के हॉटस्पॉट चिन्हित करते हुए गायों को सड़कों पर रुकने और बैठने न दें, उन्हें उक्त गौ आश्रय केंद्रों में अध्याशित कराये।

लाभार्थियों को बनाएं आत्मनिर्भर

मंडलायुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार के आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश से लाभार्थियों को इस योजना के तहत अधिकतम ऋण स्वीकृत करते हुए आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पीएम स्वनिधि योजना में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष समयावधि के अन्तर्गत प्राप्त आवेदनों को शत-प्रतिशत निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मंडल के समस्त संबंधित अधिकारी अपने-अपने जनपदों से संबंधित लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष ऋण स्वीकृति की प्रगति की समीक्षा समय-समय पर करते रहें।

गौशालों की साफ-सफाई पर दें ध्यान

मंडलायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना में पात्र बच्चों का चिन्ह्यांकन कराकर इस योजना से प्राथमिकता पर जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में अग्रसारित आवेदन पत्रों की संख्या के सापेक्ष लाभान्वित लाभार्थियों की संख्या लखनऊ में 13447 है।

इसी के साथ ही मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गौशालों की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाये साथ ही नियमित रूप से संबंधित अधिकारी निरीक्षण भी करते रहे। गो आश्रय चारागाह भूमि पर चारा बुवाई अवश्य कराये। समस्त गो आश्रय केंद्रों पर cctv भी अवश्य लगवाये।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि आभा कार्ड में जनपद लखनऊ व लखीमपुर एंव हेल्प डैशबोर्ड के रैंकिंग में सुधार लाएं. इसी के साथ ही मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि chc/phc में उपकरणों की क्रियाशीलता, औषधि व डॉक्टरों की 24*7 उपलब्धता सुनिश्चित कराते रहें।

कृषि विभाग की समीक्षा

मंडलायुक्त ने बैठक के दौरान कृषि विभाग की समीक्षा की और कहा कि उर्वरक की उपलब्धता सोसाइटी पर शत प्रतिशत सुनिश्चित कराया जाए। रोस्टर बनाकर सोसाइटी सचिव की निगरानी में खाद वितरण कराया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की समस्या ना उत्पन्न होने पाए। राजस्व वसूली के लक्ष्य की कार्ययोजना बनाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुये कहा कि वे अपने विभाग की रैंकिंग निर्धारण की स्थिति को अवश्य देखे तथा विभाग को रैंकिंग की अगली श्रेणी में लाना सुनिश्चित करें।

धान खरीद को लेकर दिए निर्देश

मंडलायुक्त ने धान खरीद की भी समीक्षा की. उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों का धान क्रय का भुगतान बिना किसी विलम्ब के ससमय कराया जाये। उन्होंने कहा कि धान क्रय के उपरान्त 48 घण्टे में किसानों का भुकतान सभी संबंधित संस्थाएं करना सुनिश्चित करे। छोटे और मध्यम वर्गी किसानों से प्राथमिकता के आधार पर धान क्रय किया जाये। सभी धान क्रय केन्द्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संचालन किया जाये। इसी के साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सम्बन्धित अधिकारी प्रत्येक सप्ताह धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण करते रहे और प्रतिदिन क्रय सेन्टरों का फीडबैक लेते रहे।

किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न उत्पन्न होने पाये। इसी के साथ ही मंडलायुक्त ने समस्त गाडियों में जीपीएस लगवाने के निर्देश दिए.

ये भी पढ़ें-भिखारी महिला के पास से निकले लाखों रुपए…नोट-सिक्के गिनते-गिनते हुई सुबह से शाम; लोगों के उड़े होश-Video