Cyber Security: साइबर अपराध से बचने के लिए करें ये काम… लखनऊ पुलिस ने दी जानकारी
Cyber Security Education: जैसे-जैसे सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक लोग हिस्सा लेते जा रहे हैं वैसे ही वैसे साइबर अपराधों का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि साइबर अपराधों से बचने की जानकारी सभी के पास हो. इसके लिए पुलिस की साइबर सेल लगातार प्रयास कर रही है और लोगों को जागरुक करने का काम कर रही है.
इसी क्रम में शुक्रवार को लखनऊ पुलिस की साइबर सेल और स्वयंसेवी संस्था ‘प्रयास’ के संयुक्त तत्वावधान में जागरुता अभियान चलाया गया. इस दौरान एक निजी विद्यालय के कक्षा नौ, 10, 11 और 12 के 400 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई. साइबर सेल के एक्सपर्ट गौरव शुक्ला ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करना चाहिए. आपको व्यक्तिगत फोटो सार्वजनिक नहीं करनी चाहिए साथ ही प्रोफाइल लॉक रखने से आप साइबर अपराध से बच सकते हैं.
तो वहीं साइबर मामलों की विशेषज्ञ ‘प्रयास’ की समन्वयक अनुषांगी खेमका ने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि अंजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज और एपीके फाइलों से पूरी तरह दूरी बनाकर रखें. इनसे सतर्क रहें. साथ ही ऑनलाइन गेमिंग के दौरान भी सावधानियां बरतें. इस मौके पर उन्होंने मोबाइल हैकिंग के तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी दी. साथ ही विद्यार्थियों के बीच साइबर जागरूकता से संबंधित पोस्टर एवं सूचना सामग्री भी वितरित की गई. कार्यक्रम में सेंट मैरी इंटर कॉलेज के निदेशक गौरव, प्रधानाचार्य के साथ ही अन्य टीचर्स मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें-खाली चौकी में घुसे शराबी ने जमकर मचाया उत्पात…पुलिस टोपी लगाकर की थानेदारी-Video