शकुंतला विश्वविद्यालय का 13वां दीक्षांत समारोह 31 जुलाई को… कुलपति ने समितियों को सौंपी ये जिम्मेदारी
Shakuntala University 13th Convocation: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में 13वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी है. 31 जुलाई को अपराह्न तीन बजे से समारोह शुरू होगा. इसके लिए कुलपति आचार्य संजय सिंह के नेतृत्व में 26 समितियों का गठन किया गया है. इसको लेकर कार्यालय आदेश कुलसचिव रोहित सिंह ने जारी किया।
इसके बाद कुलपति की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सभी समिति के सदस्यों को जिम्मेदारियों के निर्वहन के दिशा निर्देश दे दिए हैं. विश्वविद्यालय प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने कार्यक्रम को लेकर बताया कि दीक्षांत समारोह के संचालन के लिए स्वागत समिति का संयोजक प्रो. नागेंद्र यादव को बनाया गया है। आमंत्रण समिति की जिम्मेदारी प्रो. अश्वनी कुमार दुबे को सौंपी गई है। विवि की प्रगति आख्या व दीक्षांत प्रतिवेदन तैयार करने, समारोह संबंधी प्रकाशन, मीडिया और प्रेस संबंधी कार्य प्रो. वीरोदय स्वयं करेंगे।
सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था के लिए कुलानुशासक प्रो. आशुतोष कुमार पाण्डेय को संयोजक बनाया गया है। छात्र व्यवस्था समिति का दायित्व भी उनके पास रहेगा। समारोह स्थल की सजावट और व्यवस्थाओं के लिए प्रेक्षागृह समिति और प्रदेश के बाहर से आने वाले अतिथियों की सुविधा के लिए गठित परिवहन समिति का नेतृत्व उप कुलसचिव अनिल कुमार मिश्रा करेंगे।
पदक एवं डिग्री समिति की संयोजक प्रो. कविता त्यागी होंगी, जबकि बैठक व्यवस्था समिति की जिम्मेदारी प्रो. विपिन कुमार पाण्डेय को दी गई है। डॉ. कौशल शर्मा शोभायात्रा समिति, प्रो. पी. राजीव नयन छायांकन एवं वीडियोग्राफी समिति, डॉ. कौशिकी सिंह सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति का नेतृत्व करेंगी। समस्त समितियों के समयबद्ध कार्य निष्पादन व समन्वय की जिम्मेदारी प्रो. अश्विनी कुमार दुबे, प्रो वीके सिंह और प्रो. शेफाली यादव को मिली है।
प्रत्येक व्यवस्था पर दिया जा रहा है विशेष ध्यान
कार्यक्रम को लेकर कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि “दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि यह आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित और यादगार बने। सभी समितियों को समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।”