Lucknow: ‘कलाकृति’ वार्षिक कला प्रदर्शनी में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के श्री राम ग्लोबल स्कूल द्वारा वार्षिक कला प्रदर्शनी “कलाकृति” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. इस मौके पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। इस प्रदर्शनी में कुल 758 कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गईं, जिसमें सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों, विशेष रूप से फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक उत्कृष्टता प्रस्तुत की।
प्रदर्शनी में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई विभिन्न विषयों, तकनीकों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों से युक्त पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं। आगंतुकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनकी रचनात्मकता और समर्पण की प्रशंसा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शमीम सिंह एवं मुख्य सलाहकार पूजा प्रसाद एवं वॉइस प्रिंसिपल लवकुश गुप्ता ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें अपनी कलात्मक क्षमता को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। फाइन आर्ट्स शिक्षक आशुतोष वर्धन ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और प्रदर्शनी के दौरान पेंटिंग की बारीकियों एवं तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन सफल एवं प्रेरणादायक मंच सिद्ध हुआ, जिसने युवा विद्यार्थियों में कला और रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया।
ये भी पढ़ें-देश भर की स्कूलों में लड़कियों को मुफ्त में दी जाएगी ये चीज… सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला