Lucknow: सफाईकर्मियों ने की पेंशन की मांग…बुढ़ापे को लेकर जताई चिंता-Video

September 15, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं लेकिन इस बार माहौल थोड़ा बदला हुआ है. किसी को नहीं मालूम कि यूपी में किसकी सरकार बनेगी, क्योंकि यूजीसी, आरक्षण और एसएसटी एक्ट के दुरुपयोग की वजह से सवर्ण समाज पूरी तरह से भाजपा सरकार से नाराज है. तो वहीं सफाईकर्मियों यानी वाल्मिकी समाज के लोगों की समस्याओं का मुद्दा गरमाता जा रहा है.

सफाईकर्मियों का कहना है कि उनको इतना वेतन नहीं मिलता कि इस महंगाई में घर चल सके और वे बच्चों को पढ़ा सकें. इसी के साथ ही सफाईकर्मियों को अपने भविष्य की चिंता है. सफाईकर्मी कहते हैं कि एक तो उनका वेतन कम है, दूसरे महंगाई, जिसकी वजह से वे कुछ बचा नहीं पाते. बूढ़े होने पर उनका कैसे गुजारा होगा?

सफाईकर्मी अपील करते हैं सरकार से कि उनके लिए पेंशन की व्यवस्था की जाए. इसी के साथ ही सफाईकर्मियों ने कम से कम 20 से 25 हजार वेतन की भी गुहार लगाई है तो वहीं लखनऊ के सफाईकर्मियो को न तो नगर निगम की वर्दी दी जा रही है और न ही उनको मास्क और ग्लव्स. इसकी वजह से उनको कई तरह की शारीरिक बीमारी का भी सामना करना पड़ रहा है.

कुछ सफाईकर्मियों को धूल आदि से एलर्जी होने के बावजूद वो बिना मास्क के काम कर रहे हैं. हालांकि जिनको इस तरह की समस्या है वो गमछे आदि का इस्तेमाल कर रहे हैं मुंह बांधने के लिए तो वहीं लम्बे वक्त से धूल-गंदगी में काम करने की वजह से कुछ सांस की बीमारी से जूझ रहे हैं तो वहीं ग्लव्स न मिलने की वजह से कुछ के तो हाथों में भी इंफेक्शन हो गया है.

सफाईकर्मियों को नौकरी से हटा देने को लेकर धमकी मिलती रहती है. कैमरे के सामने आकर ये अपनी बात और समस्या कहने से डरते हैं. कैमरे के पीछे कई सफाईकर्मियों ने इस बात को स्वीकार किया कि वो कैमरे पर इसीलिए नहीं बोलते क्योंकि उनको नौकरी से निकाले जाने की धमकी दी जाती है. कहा जाता है कि वेतन बढ़ाने की बात करोगे तो दूसरे को रख लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें-लखनऊ नगर निगम की बड़ी लापरवाही…फैला है स्वाइन फ्लू और सफाई कर्मियों की सेहत के साथ खिलवाड़! Video