राह चलती महिला के साथ गंदी हरकत कर भागा आरोपी…Video वायरल होने के बाद पुलिस ने मारी गोली

August 5, 2025 by No Comments

Share News

Moradabad:  उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां नागफनी थाना क्षेत्र में एक महिला से सरेराह पीछे से पकड़कर महिला के निजी अंग छू कर छेड़छाड़ की घटना सामने आई है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी आदिल की पहचान कर ली है. आरोपी ने महिला के साथ रविवार की शाम को उस वक्त छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया जब वह सब्जी लेकर बाजार से लौट रही थी. इसी दौरान घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और अब सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी आदिल की पहचान करने के बाद सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पैर में गोली लगी है. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में महिला ने पुलिस में तहरीर दी थी. एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कांठ के उमरी कला निवासी आदिल के रूप में हुई है. उसकी उम्र 22 साल है. वह नागफनी क्षेत्र के डिप्टीगंज के पास स्थित एक निजी अस्पताल में काम करता है. आरोपी के पास से एक बाइक के साथ ही खोखा और जिंदा कारतूस के साथ ही तमंचा बरामद किया गया है. उसने रविवार को उसी अस्पताल से थोड़ी दूरी पर गोल कोठी के पास महिला के साथ छेड़छाड़ की थी. घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद महिला ने केस दर्ज कराया और पुलिस ने उसे 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया.

मुठभेड़ को लेकर मीडिया को जानकारी दी कि नागफनी एसएचओ सुनील कुमार, एसआई विवेक कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम सोमवार की देर रात को गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि महिला से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी जिसे पुलिस तलाश रही है वह बाइक से रामगंगा किनारे की तरफ जा रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने उस इलाके की घेराबंदी कर दी और फिर रात 12 बजकर 40 मिनट पर आरोपी बाइक से आता हुआ दिखा. इस पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन वह नहीं रुका और बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान कच्चे रास्ते का कारण बाइक फिसल गई और उसने खुद को पुलिस से बचाने के लिए पुलिस पर फायर झोंक दिया. इस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिससे आरोपी के बाएं पैर पर गोली लगी और वह गिर गया.

सोशल मीडिया पर एसएसपी सतपाल अंतिल का एक बयान वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने आरोपी को लेकर कहा कि उपचार के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. उसने नागफनी थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ की जिसका वीडियो भी सामने आया है. ये घटना रविवार शाम की थी. वीडियो की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान की और रविवार की रात करीब 12 बजे पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया है.

ये भी पढ़ें-Ayodhya: 80 साल की सास को बहू ने रात में सड़क पर छोड़ा, सुबह तक मौत…तीन गिरफ्तार-Video